-फरियादी की मां और बहन गंभीर रूप से घायल……
डबरा। सहराई गांव और पिछोर पुल के बीच तेज रफ्तार अज्ञात वाहन के चालक ने कार में टक्कर मार दी। वाहन की टक्कर के बाद कार सवार एक किशोरी बालिका की मौत हो गई। जबकि कार में बैठी फरियादी की बुजुर्ग मां और बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी मिलने पर सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और किशोरी के शव को निगरानी में लेकर घायलों को इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कराया। पोस्टमार्टम के बाद किशोरी का शव परिजन को सोंप दिया गया। फरियादी की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
सिटी पुलिस के अनुसार नगर निगम क्षेत्र के नाका चंद्रबदनी नहर वाली माता मंदिर रोड निवासी विनोद परिहार पुत्र प्रताप सिंह परिहार अपनी मां, बहन और बेटी भावना को लेकर कार से इंदरगढ़ से ग्वालियर जा रहा था। जैसे ही विनोद परिहार की कार सहराई गांव से पिछोर पुल के बीच पहुंची तभी किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने कार में टक्कर मार दी। कार में बैठी एक किशोरी भावना की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। फरियादी की मां और बहन गंभीर रूप से घायल हो गईं जिन्हें तत्काल 108 एंबुलेंस ग्वालियर रेफर किया गया।