-पति गंभीर अवस्था में ग्वालियर रैफर
भिण्ड। अटेर थाना क्षेत्र के ग्राम प्रतापपुरा के पास लोडिंग वाहन और बाइक में जोरदार टक्कर हो गई है। जिसमें पति पत्नी और एक बालिका घायल हो गई हैं। पति की गंभीर हालत होने के कारण उसे इलाज के लिए ग्वालियर रैफर कर दिया गया है। जबकि बालिका और उसकी मां को जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार राहुल शर्मा पुत्र जगमोहन शर्मा निवासी उदोतगढ़ सोमवार दोपहर 3 बजे अपनी बाइक पर सवार होकर पत्नी और बेटी के साथ खरीदारी करने के बाद भिण्ड से उदोतगढ़ के लिए जा रहे थे। तभी प्रतापपुरा के पास पहुंचते ही सामने से तेज गति से आ रही लोडिंग वाहन से बाइक की टक्कर हो गई। जिससे बाइक सवार तीनों लोग बुरी तरह से घायल हो गए हैं।
आरोपी वाहन चालक घटना के बाद वहां से फरार हो गया था। दुर्घटना की सूचना मिलते ही घायलों के परिजन घटना स्थल पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। दुर्घटना में राहुल के सिर में अधिक चोट होने की वजह से प्राथमिक उपचार के बाद उसे इलाज के लिए ग्वालियर रैफर कर दिया गया है। जबकि उसकी पत्नी अर्चना और बेटी सिमनिया को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है जहां पर उनका उपचार किया जा रहा है।
आरती करते समय झुलसी महिला अस्पताल में भर्ती
चत्थर माता मंदिर पर आरती करते समय एक महिला की साड़ी ने आग पकड़ ली जिससे वह झुलस गई है। महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बेबी सिंघल पति सुरेश सिंघल निवासी दिल्ली रिश्तेदारी में भिण्ड हाउसिंग कॉलोनी में आई हुई थी। वह दर्शन करने के लिए सोमवार को चत्थर वाली माता मंदिर पर गई हुई थीं। जब बेबी के द्वारा आरती की जा रही थी। तभी अचानक साड़ी ने आग पकड़ ली जिससे वह काफी झुलस गई हैं। उनके अन्य साथियों के साथ उन्हें तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।