– सम्मेलन में भीड़ न जुटने पर नही पहुंचे संभागीय क्लस्टर भूपेन्द्र सिंह
– लोकेन्द्र पाराशर ने जताई नाराजगी, बंद कमरे में ली कार्यकर्ताओं क्लास
भिण्ड। सोमवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित संयुक्त मोर्चा सम्मेलन बुरी तरह से फ्लाप साबित हुआ। शहर के आर्य नगर स्थित आवंतीबाई छात्रावास में आयोहित होने वाले इस संयुक्त मोर्चा सम्मेलन में पार्टी के सभी पदाधिकारियों सहित मोर्चा कार्यकर्ताओं को शामिल होने के लिए बुलाया था, जिसमें मुख्य अतिथि के रुप में पूर्व मंत्री व लोकसभा चुनाव संभागीय क्लस्टर भूपेन्द्र सिंह शामिल होने वाले थे। लेकिन सभा में बेहद कम भीड़ होने पर वह कार्यक्रम में नही पहुंचे। इसको लेकर लोकसभा चुनाव प्रभारी लोकेन्द्र सिंह पाराशर ने पार्टी कार्यकर्ताओं पर नाराजगी जाहिर की।
लोकसभा चुनाव की तैयारियों के तहत इन दिनों बीजेपी नेत्रत्व मण्डल से लेकर बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर प्रबंधन के निर्देश पर अधिक से अधिक वोट कबाडऩे का लक्ष्य दे रहा है। जिसके तहत 4 सौ पार का नारा देते हुए बूथ प्रबंधन के गुर सिखाते हुए सातों मोर्चा कार्यकर्ताओं को कार्यकम में शामिल होने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन पार्टी और संगठन का यह प्रबंधन फेल होता साबित हो रहा है। सोमवार को भाजपा द्वारा संयुक्त मोर्चा सम्मेलन का आयोजन किया गया था।
शहर के आवंतीबाई छात्रावास में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रुप में संभागीय क्लस्टर भूपेन्द्र सिंह शामिल होने वाले थे, लेकिन अचानक से उनके कार्यक्रम में बदलाव आया और वह इसमें शामिल होने नही पहुंचे। ज्ञात हो कि आयोजित हो रहे संयुक्त मोर्चा सम्मेलन में बेहद कम संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। इसकी जानकारी जैसे ही मुख्य अतिथि भूपेन्द्र सिंह को हुई तो उन्होने इसमें शामिल होने से सीधे तौर पर मना कर दिया। इस बीच पार्टी के निर्देश के तहत उक्त कार्यक्रम का अयोजन संपन्न किया गया। इस अवसर पर पार्टी जिलाध्यक्ष देवेन्द्र नरवरिया, लोस संयोजक अवधेश सिंह कुशवाह, केशव सिंह भदौरिया, महिला मोर्चा अध्यक्ष आभा जैन, कृष्णकांता तोमर, संजीव कांकर सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
भीड़ न होने पर अतिथि का बायकाट
दोपहर 12 बजे से शुरु होने वाला संयुक्त मोर्चा सम्मेलन कार्यकर्ता न पहुंचने से 2 घण्टा देरी से शुरु हो सका। इसमें अंगुलियों पर गिने जा सके इतने कार्यकर्ता ही पहुंचे थे। देश ही नही बल्कि विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के कार्यकर्ताओं को इस सम्मेलन में न पहुंचना पार्टी के लिए चिंता का बिषय बन गया है। उल्लेखनीय है कि आयोजित हो रहे सम्मेलन में भोजन व्यवस्था संभालने वाले हलवाई को मिलाकर कुल 87 व्यक्ति ही शामिल हुए थे। संपन्न हुए कार्यक्रम में सबसे अधिक संख्या महिला मोर्चा पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की रही। इसके अलावा किसान मोर्चा सहित चुनिंदा पार्टी कार्यकर्ता इसमें शामिल हुए थे।
चुनाव प्रभारी ने जताई नाराजगी
संयुक्त मोर्चा सम्मेलन की जिम्मेदारी संभाल रहे संभागीय चुनाव प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर भी इस कार्यक्रम में मौजूद थे। जहां उन्होने कार्यकर्ताओं की बेहद कम संख्या को देख कर नाराजगी जाहिर करते हुए इसे बड़ी लापरवाही माना। इस दौरान उन्होने स्वयं कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को संभालते हुए उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद उन्होने इस अव्यवस्था को लेकर आपत्ति जताते हुए कार्यक्रम स्थल पर ही बंद कमरे में पार्टी पदाधिकारियों से चर्चा करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर कर दी। हालांकि इस आयोजन को बीजेपी द्वारा सफल बताते हुए इसको लेकर अपने सोशल मीडिया अकाउण्ट से समाचार जारी करते हुए मंच के आसपास के फोटो भी अपलोड किए गए हैं।