भिण्ड: तार पर कपड़े डालने से महिला को लगा करंट, मौके पर मौत

– शहर के लहार रोड पर हुई घटना, मर्ग कायम

भिण्ड। राजकोट से शादी में शामिल होने के लिए अपने ससुराल आई एक महिला गुरुवार सुबह गीले कपड़े डालने छत पर गई। यहां लोहे के तार पर कपड़े डालने के दौरान उसे जोरदार करंट लग गया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। लहार रोड पर हुई इस घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को पीएम के लिए पहुंचाते हुए मर्ग का प्रकरण दर्ज कर लिया है।

मृतका मीना प्रजापति 45 वर्ष का पति नंदू प्रजापति राजकोट में काम करता है। गुरुवार सुबह ही वह अपनी रिस्तेदारी में होने वाली शादी में शामिल होने के लिए लहार रोड स्थित अपनी ससुराल में आई थी। सुबह नहाने के बाद मीना अपने गीले कपड़े सुखाने के लिए छत पर लगे तार पर डालने पहुंची तभी उसे लोहे के तार से जोरदार करंट लग गया। करंट की चपेट में आने से महिला बेहोश होकर गिर गई। इस बात की जानकारी जब परिजनों को हुई तो वह उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टर ने जांच के बाद मीना को मृत घोषित कर दिया। जिसेक बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामले में मृतका का पीएम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द करते हुए मर्ग का प्रकरण दर्ज कर जांच में ले लिया है।

 

भतीजे के फलदान से लौट रही बाइक सवार महिला की गिरने से मौत

अटेर थाना क्षेत्र में मसूरी रोड पर एक बाइक पर सवार महिला अचानक गिरने से बुरी तरह घायल हो गई। इस हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका अपने भतीजे के फलदान में शामिल होने के बाद वापस लौट रही थी तभी यह हादसा हो गया। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार रामश्री पत्नी रामवरण सिंह कुशवाह निवासी महेबा अपने बेटे के साथ बसेडिय़ा नगर निवासी अपने भतीजे के फलदान कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। यहां से गुरुवार सुबह वह अपने रिस्तेदार के साथ बाइक पर सवार होकर वापस घर लौट रही थी। इसी दौरान मसूरी रोड पर अचानक से वह चलती मोटर साइकिल से गिर गई।

सड़क पर गिरने से महिला के सिर में गंभीर चोट आई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इसकी सूचना पुलिस को देने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और महिला को अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सक ने जांच करते हुए महिला को मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने शव का पीएम कराने के बाद परिजनों को सुपुर्द कर प्रकरण कायम कर जांच में ले लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!