डबरा: रीपर से निकली चिंगारी, लाखों रुपए की गेहूं की फसल खाक

-कुछ कच्ची झोपडिय़ो में भी लगी आग सामान जला

डबरा। भितरवार के करहिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मेहगांव के मौजे में गेहूं की फसल में आग लग गई। सूखी फसल में आग लगने के कुछ ही देर में इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि खेतों के साथ ही नजदीक बनी झोपडिय़ां तक खाक हो गईं। किसानो की झोपडिय़ों में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। आग इतनी भीषण थी कि जानवरों के लिए बनाए भूसे के कूप भी जलकर नष्ट हो गए।

 

दुबाहा मौजे में रीपर की चिंगारी से भड़की आग…..

मेहगांव मौजे के किसान लल्ली कुशवाहा, भागीरथ कुशवाहा, प्रकाश कुशवाहा, करण सिंह कुशवाहा कल्लू कुशवाहा, भगत कुशवाह ने बताया कि फसल काटकर खेतों में रखी हुई थी। दुबहा मौजे में कुछ किसान रीपर से भूसा बना रहे थे। रीपर से चिंगारी उठी और आग लग गई। किसानों ने तमाम प्रयास किए लेकिन काबू नहीं पा सके। आग लगने से लल्ली कुशवाहा का 80 क्विंटल भूसा के कूप, चार बीघा में खड़ी गेहूं की फसल जल गई। अकेले लल्ली कुशवाहा का 2 लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है।

 

घर में बच्चों को खाने के लिए नहीं बचा कुछ …

प्रकाश कुशवाहा की 10 बीघा में जमीन में खड़ी गेहूं की फसल खाक हो गई। भागीरथ कुशवाहा के तीन बीघा, करण सिंह कुशवाहा के दो भूसे के कूप, कल्लू कुशवाहा और भगत जी की झोपडिय़ों में आग लगने से सामान जल गया। किसानों का कहना है कि सब जल गया है, घर में बच्चों को खाने के लिए अब गेहूं तक की व्यवस्था नहीं है।

किसान बोले हे भगवान किसी के साथ ऐसा न हो…

आग से जल फसल देखते लल्ली कुशवाहा, प्रकाश कुशवाहा और भागीरथ कुशवाहा, करण सिंह आदि किसानों ने रुंधे गले से बताया कि हे भगवान, हमारे साथ जो हुआ है वह किसी और किसान के साथ मत करना, क्योंकि यही फसल हमारे पूरे परिवार को पालती है।

पटवारी पहुंचे आकलन को…

आग लगने की घटना के बााद दुबहा हलका पटवारी राम सिंह रावत और मेहगांव हलका पटवारी अमित भार्गव मौके पर पहुंचे। दोनों पटवारियों ने किसानों के नुकसान का प्रारंभिक आकलन शुरू कर दिया है।

इनका कहना…..

दुबहा गांव के मौजे में कुछ किसान रीपर से भूसा बनवा रहे थे, रीपर से निकली चिंगारी से ट्रॉली में आग लग गई और हवा के साथ मेहगांव मौजे में भी आग फैल गई। अकेले हमारा ही करीब ढाई लाख रुपए का नुकसान हुआ है।

लल्ली कुशवाह पीडि़त किसान

-मैं शनिवार और रविवार दोनों दिन आकलन करने के लिए गया था। 6 किसान ऐसे हैं, जिनकी 30 बीघा गेहूं की फसल आग में नष्ट हुई है। 250 बीघा नरवाई जली है, 6 झोपडिय़ां जलकर नष्ट हुई हैं। पंचनामा तैयार कर लिया गया है। सोमवार को वरिष्ठ अधिकारियों को रिपोर्ट देंगे।
अमित भार्गव, पटवारी मेहगांव

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!