ग्वालियर: 400 फीट लंबे तिरंगे के तले चले सब, दिया मतदान का संदेश

                                        लोकसभा चुनाव 2024:

 

           -थीम रोड पर हुई “चुनावी राहगीरी”में हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम

ग्वालियर। देश की आन-बान-शान का प्रतीक 400 फीट लंबा तिरंगा और इसकी छांव तले चलते युवा, बच्चे व बुजुर्ग सभी ने कलेक्टर रुचिका चौहान की अगुआई में सीमा सुरक्षा बल के बैंड की धुन पर फ्लैग मार्च किया। इसके साथ ही थीम रोड पर एक ओर शास्त्रीय नृत्य-संगीत से उठती स्वर लहरियां, दूसरी ओर जोशीला जुम्बा डांस, एक तरफ रोमांचकारी मलखम्ब व लाठी प्रदर्शन तो दूसरी तरफ योगासन व मेडिटेशन का अभ्यास हो रहा था। हॉकी व बास्केटबॉल का प्रदर्शन करते युवा नजर आए तो बच्चों की स्कैटिंग व दिव्यांगजन की क्रिकेट भी दिखी। खो-खो, सितौलिया व रस्साकस्सी में दमखम आजमाते शहरवासी मौजूद थे। सारे तनाव और डिपे्रसन को भुलाकर लोग बस मस्ती में ही नजर आ रहे थे। संगीत की स्वर लहरियों के बीच नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रंखला भी दिखी। यह सब मतदान के लिए हुई चुनावी राहगीरी कार्यक्रम का हिस्सा थे।

मौका था शनिवार की को थीम रोड कटोराताल पर स्वीप के तहत आयोजित हुई “चुनावी राहगीरी” का। आयोजन में सांस्कृतिक, बौद्धिक, रचनात्मक व कलात्मक कार्यक्रम एवं पारंपरिक व रोमांचकारी खेलों की प्रस्तुतियों ने समा बांध दिया। इस दौरान कलेक्टर के अलावा पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, अपर कलेक्टर अंजू अरुण कुमार, सीईओ जिला पंचायत विवेक कुमार, एडीएम टी एन सिंह, नगर निगम के अपर आयुक्त विजय राज व मुनीष सिकरवार एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव जैन सहित बड़ी संख्या में युवा, बुजुर्ग एवं छात्र शामिल हुए।


“चुनावी राहगीरी” “चुनाव का रंग मतदाताओं के संग” कार्यक्रम का आगाज कलेक्टर रुचिका चौहान ने विशाल बैनर पर अपने हस्ताक्षर एवं मतदान की अपील करके किया। इसके बाद फ्लैग मार्च निकाला गया। एमएलबी कॉलेज के सामने से शुरू हुआ फ्लैग मार्च अचलेश्वर चौराहा से यू-टर्न लेकर मुख्य आयोजन स्थल पर पहुंचा। कार्यक्रम में शामिल हुए सभी लोगों को जिला निर्वाचन अधिकारी रुचिका चौहान ने मतदान करने की शपथ दिलाई।

                                            हर स्टॉल पर पहुंचीं कलेक्टर


कार्यक्रम के दौरान लगाए गए सभी स्टॉल एवं प्रस्तुतियों के बीच कलेक्टर और एसपी ने उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने प्रत्येक समूह के साथ फोटो भी निकलवाई।
रस्साकसी के प्रदर्शन में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने भी हिस्सा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!