लोकसभा चुनाव के लिए बनाएं जागरूकता प्लान, शतप्रतिशत हो मतदान

शतप्रतिशत मतदान के लिए नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह ने ली जिले के अधिकारियों की बैठक

ग्वालियर। सात मई को होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए मतदाताओं को जागरूक करें। प्रयास यह हो कि मतदान शतप्रतिशत हो। यह निर्देश नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह ने नगर निगम कार्यालय में अधिकारियों की बैठक लेकर दिए हैं।

निगमायुक्त ने सामान्य प्रशासन एवं निगम के अधिकारी एवं कर्मचारियों से कहा कि अपने-अपने क्षेत्र में एआरओ के साथ मिलकर जागरूकता प्लान बनाएं और उसे एक्जीक्यूट करें।

बैठक में अपर कलेक्टर अंजू अरुण कुमार, स्मार्ट सिटी सीईओ नीतू माथुर, अपर आयुक्त आरके श्रीवास्तव, विजय राज, मुनीश सिंह सिकरवार, एसडीएम विनोद कुमार, उपायुक्त अनिल दुबे, डॉ प्रदीप श्रीवास्तव एवं सभी विधानसभाओं के एआरओ के अलावा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

नगर निगम आयुक्त ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों से कहा कि युवाओं तक शत प्रतिशत मतदान तक संदेश पहुंचाएं। बहुत से महिलाएं एवं पुरुष निजी कार्य होने के कारण मतदान के लिए नहीं जाते। आम जन की इन समस्याओं को भी ध्यान में रखा जाए। मतदान केंद्र पर टैंट, पेयजल आदि की व्यवस्था कराई जाए। प्रचार प्रसार की गतिविधियां की तिथि अलग-अलग चुनें।

जागरूकता गतिविधियां ऐसी जगह कराई जाएं जहां लोग इक_े होते हैं। मन्दिरों और पार्कों में जागरूकता संबंधी बैनर लगवाएं। ऑटो के पीछे स्टीकर लगवाएं, स्वच्छता वाहन के माध्यम से जिंगल चलवाएं, स्मार्ट सिटी के पीए सिस्टम से चौराहों पर जिंगल चलवाएं।

सभी आवासीय बहुमंजिला इमारतों पर के मुख्य द्वार पर बैनर लगवाएं। जागरूकता से संबंधित एक्शन प्लान बनाकर सभी विभाग 27 मार्च तक प्रस्तुत करें।

यह दिए अधिकारियों ने सुझाव

-अपर कलेक्टर अंजू अरूण कुमार ने कहा कि एआरओ के साथ मिलकर जागरूकता का प्लान बनायें। बूथ वाइज गतिविधियों में नुक्कड़ नाटक, स्लोगन व रंगोली बनवाएं, चौपाटी एरिया में पुलिस के सहयोग से फूड फेस्टिबल का आयोजन करें। इसके साथ ही सेल्फी प्वाइंट बनवाएं। उन्होंने कहा कि विधानसभावार प्रति सप्ताह जागरूकता का बड़ा आयोजन करने के लिए कैलेंडर बनाया जाए।

-स्मार्ट सिटी ग्वालियर की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नीतू माथुर ने कहा कि जिला, ब्लॉक एवं ग्रामवार जागरूकता की कार्ययोजना बनाई जाए। स्मार्ट सिटी डवलपमेंट कॉरपोरेशन का भी प्रयास होगा कि ग्वालियर जिले में शत् प्रतिशत मतदान हो।

-नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह ने विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं निगम के अधिकारी-कर्मचारियों से उनकी रणनीति व मतदान जागरूकता की जानकारी ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!