भाजपा ने जारी की प्रत्याशियों की पांचवी लिस्ट
लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने प्रत्याशियों की पांचवी लिस्ट जारी कर दी है। 111 प्रत्याशियों की इस सूची में हिमाचल प्रदेश के मंडी लोकसभा क्षेत्र से अभिनेत्री कंगना रनौत को प्रत्याशी बनाया गया है। पुरी से संबित पात्रा को लोकसभा में उतारा गया है।
इसके अलावा कांग्रेस से भाजपा में आए नवीन जिंदल को हरियाणा के कुरुक्षेत्र से टिकट दिया गया है। जबकि मेरठ से अरुण गोविल चुनाव लड़ेंगे। उत्तरप्रदेश के पीलीभीत से वरुण गांधी का टिकट काटकर कांग्रेस से भाजपा में आए जितिन प्रसाद को उतारा गया है।
वरुण की मां मेनका गांधी को सुल्तानपुर टिकट दिया गया है। पश्चिम बंगाल में भाजपा ने संदेशखाली केस की पीडि़त को प्रत्याशी बनाया है।
उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा अभी तक 402 प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर चुकी है। पांचवी लिस्ट में 111 प्रत्याशियों के नाम सामने आए हैं।
इससे पहले चार लिस्टों में 291 में प्रत्याशियों की घोषणा हुई थी। भाजपा द्वारा जारी की गई पांचवी सूची में यूपी की 13 सीटों के लिए नाम उजागर किए गए हैं। हाथरस से राजवीर दिलेर का टिकट काटकर अनूप वाल्मीकि को मैदान में उतारा गया है।
बदायूं से दुर्विजय शाक्य को टिकट दिया गया है, यहां से स्वामी प्रसाद मौर्य की बेटी का टिकट कट गया है। मुरादाबाद से सर्वेश सिंह, सहारनपुर से राघव लखनपाल, अलीगढ़ से सतीश गौतम, कानपुर से रमेश अवस्थी को टिकट दिया गया है। बरेली से छत्रपाल गंगवार प्रत्याशी बनाए गए हैं।
भाजपा ने राजस्थान की 25 सीटों में से 22 पर प्रत्याशियों की घोषणा कर चुकी है। पहली लिस्ट में जहां 15 प्रत्याशी घोषित हुए थे, वहीं दूसरी लिस्ट में 7 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा हुई है।
मेवाड़ राजघराने को इस बार जयपुर की बजाय राजसमंद से मैदान में लाया गया है। विधायक बनी दीया कुमारी की जगह उदयपुर राजघराने की महिमा सिंह को टिकट दिया गया है और जयपुर ग्रामीण से राज्यवर्धन सिंह की जगह राव राजेन्द्र ङ्क्षसह को मैदान में लाया गया है।