कुख्यात सरगना मुख्तार अंसारी का निधन, वजह बताई जा रही कार्डियक अरेस्ट

उत्तरप्रदेश के लखनऊ, कानपुर, गाजीपुर सहित अन्य जिलों में पुलिस अलर्ट पर

 

बांदा। पूर्वांचल से समूचे उत्तरप्रदेश और बिहार तक जुर्म की दुनिया से लेकर राजनीति तक में बादशाहत कायम रखने वाले कुख्यात अपराधी सरगना मुख्तार अंसारी का निधन हो गया। जेल में बंद मुख्तार अंसारी की तबियत अचानक बिगडऩे के बाद दुर्गावती मेडिकल कॉलेज लाया गया था। इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। कहा जा रहा है कि रोजा अफ्तार करते समय मुख्तार अंसारी को कॉर्डियक अरेस्ट हुआ था और वह बेहोश होकर गिर गया था। तबियत बिगडऩे पर जेल प्रशासन ने उसे दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में एडमिट कराया था। लगभग 14 घंटे तक आईसीयू में उसका उपचार भी किया गया। इसके बाद उसे डिस्चार्ज कर दिया गया था। गुरुवार को फिर से तबियत बिगड़ी और उसका निधन हो गया।

मेडिकल बुलेटिन के अनुसार शाम लगभग 8.25 बजे मुख्तार अंसारी को उल्टी की शिकायत और बेहोशी की हालत में जेल प्रशासन द्वारा रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज लाया गया। मरीज को 9 डॉक्टर्स की टीम ने तत्काल चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई। इसके बाद भी उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और उसकी मृत्यु हो गई। आपको बता दें कि यह वही मुख्तार अंसारी है, जिन्होंने न्यायालय में आवेदन देकर यह आरोप लगाया था कि उन्हें धीमा जहर दिया जा रहा है। सोमवार को तबियत बिगडऩे पर उसके परिजन मिलने भी आए थे।

 

स्वतंत्रता संग्राम सैनानियों के परिवार से था अंसारी

उत्तरप्रदेश के गाजीपुर जिले के मोहम्मदाबाद में 3 जून 1963 को मुख्तार अंसारी का जन्म हुआ था। उसके पिता का नाम सुबहानउल्लाह अंसारी और बेगम राबिया था। गाजीपुर क्षेत्र में अंसारी परिवार की पहचान प्रतिष्ठित राजनीतिक खानदान के रूप में रही है। मुख्तार के नाना ब्रिगेडियर मोहम्मद उस्मान को वर्ष 1947 की लड़ाई में शहादत के बाद महावीर चक्र से सम्मानित किया गया था। जबकि मुख्तार के दादा डॉ. मुख्तार अहमद अंसारी स्वतंत्रता संग्राम सैनानी रहे हैं। जिन्होंने महात्मा गांधी के साथ काम किया था। मुख्तार के पिता सुबहानुल्लाह अंसारी ने भी गाजीपुर क्षेत्र में अपनी साफ सुथरी छवि के कारण खासा नाम कमाया था। उल्लेखनीय है कि देश के पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी रिश्ते में मुख्तार के चाचा लगते थे।

 

अंसारी के निधन के बाद अलर्ट

मुख्तार अंसारी के निधन के बाद उत्तरप्रदेश पुलिस ने बांदा में अलर्ट जारी कर दिया है। जिले के डीएम और एसपी की निगरानी में भारी पुलिस फोर्स दुर्गावती मेडिकल कॉलेज के आसपास तैनात किया गया है। लखनऊ, कानपुर, गाजीपुर सहित उत्तरप्रदेश के अन्य जिलों में भी अलर्ट जारी किया गया है। अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भी पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!