चमक-दमक के साथ शुक्रवार से बिखरेगी आईपीएल की महक, धोनी के पास है टॉप पांच स्कोरर में जगह बनाने का मौका

क्रिकेट की रंगीनियों में खोने को तैयार हैं देश के स्टेडियम, दिखेगा दर्शकों के उत्साह का चरम

क्रिकेट देश का सबसे लोकप्रिय खेल है और संसार के सबसे विख्यात घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज शुक्रवार से होने जा रहा है। इसके साथ ही क्रिकेट की फील्ड से पूरी दुनिया में नाम कर चुके दिग्गज खिलाडिय़ों केे बल्ले एक बार फिर मैदान के हर कौने में शॉट मारकर गेंदबाजों की परीक्षा लेंगे।

अनिश्चितता के इस खेल के बीते 16 सीजन में न जाने कितने रेकॉर्ड बन चुके हैं और हर सीजन में पिछले रेकॉर्ड टूटे हैं। इस बार भी क्रिकेट के हरे-भरे मैदान और स्टैंड में बैठकर मैच देखने वाले दर्शक कुछ नए रेकॉर्ड के गवाह बनेंगे और पुराने रेकॉर्ड टूटते हुए देखेंगे। अगर पुराने रेकॉर्ड को देखें तो किंग कोहली के नाम से विख्यात विराट ने आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बटोरे हैं।

विराट कोहली के पीछे अपने स्वैग से जलवा बिखेरने वाले शिखर धवन हैं। इन दोनों बल्लेबाजों के बीच 646 रनों का ही अंतर है। इन दोनों दिग्गजों के बीच पूरे टूर्नामेंट यह रनों की होड़ में आगे निकलने की रस्साकसी देखने को मिल सकती है। कोहली का बल्ला चला तो वे अपना दबदबा कायम रख पाएंगे, लेकिन अगर शिखर का बल्ले गरजा तो टूर्नामेंट के आखिर में शीर्ष पर रहने का ताज कोहली के हाथ निकल सकता है।

चमक-दमक के बीच आईपीएल के मंच पर रनों के भूखे इन बेताज बादशाहों के बीच मैदान पर दबदबा कायम रखने की होड़ खासी दिलचस्प हो सकती है। इसके अलावा निर्णयों की सटीकता और और शांति के साथ अपनी रणनीति को अंजाम देकर प्रतिद्वंद्वी के हाथ से मैच छीनकर लाने में महारत रखने वाले सीएसके के कप्तान एमएस धोनी के पास भी टॉप फाइव स्कोरर्स में जगह बनाने का मौका है। खास बात यह है कि आईपीएल के लगभग हर सीजन में एक नए सितारे ने जन्म लिया और यह देखना दिलचस्प होगा कि इस बार कौनसा खिलाड़ी नया स्टार बनकर क्रिकेट के आसमान पर चमकने वाला है।

 

 

ये हैं अब तक के टॉप स्कोरर

-आईपीएल में टॉप स्कोरर के रूप में पहले नंबर पर विराट कोली हैं। कोहली ने वर्ष 2008 से 2023 तक 237 मैच में 7263 रन बनाए हैं।
-दूसरे नंबर पर देशी स्वैग के साथ मैदान पर नजर आने वाले शिखर धवन हैं। शिखर ने वर्ष 2008 से अब तक 217 मैच में 6617 रन बटोरे हैं।
-तीसरे नंबर ऑस्टे्रलिया के खब्बू बल्लेबाज डेविड वॉर्नर हैं। वॉर्नर ने वर्ष 2009 में आईपीएल में एंट्री ली थी और 176 मैच में अब तक 6397 रन बना चुके हैं।

-चौथे नंबर पर वर्तमान भारतीय कप्तान रोहित शर्मा हैं। रोहित ने वर्ष 2008 से अब तक 243 मैच में 6211 रन बनाए हैं। इस बार रोहित मुंबई इंडियंस के कप्तान की बजाय खिलाड़ी के तौर पर टीम का हिस्सा होंगे और कयास लगाए जा रहे हैं कि उनके बल्ला और गरज सकता है।

-पांचवे नंबर पर मौजूद इस बायें हाथ के बल्लेबाज के खाते में 5528 रन मौजूद हैं। अब वे आईपीएल में खेलते नहीं दिखेंगे, उन्होंने वर्ष 2008 से 2021 तक 205 मैच में लगातार अपना जलवा कायम रखा था।

-मैदान पर रणनीति से अंतिम क्षणों में भी मैच का रुख पलटने की क्षमता रखने वाले सीएसके के कप्तान एमएस धोनी ने अभी तक 250 मैच खेले हैं। इस शांत खिलाड़ी के बल्ले से आईपीएल में अब तक 5082 रन निकले हैं। इस बार उनके पास मौका है कि वे कम से कम 447 रन और बनाकर टॉप पांच में जगह बना सकें। धोनी से आगे सिर्फ एबी डिविलिर्य और सुरेश रैना हैं। ये दोनों ही खिलाड़ी अब इस घरेलू टूर्नामेंट में नहीं खेल रहे हैं। अगर धोनी ने 447 रन बना लिए तो उनके खाते में 5529 रन हो जाएंगे और वे रैना से आगे निकलकर टॉप फाइव स्कोरर्स में जगह बना लेेंगे।

वे दस बैट्समैन जिन्होंने आईपीएल में बनाए हैं सबसे ज्यादा रन

बैट्समैन                 रन          स्ट्राइक रेट
विराट कोहली          7263         130.02
शिखर धवन            6617          127.17
डेविड वॉर्नर              6397         139.91
रोहित शर्मा              6211          130.04
सुरेश रैना                 5528        136.73
एबी डिविलियर्स       5162         151.68
महेन्द्र सिंह धोनी      5082       135.91
क्रिस गेल                  4965       148.96
रॉबिन उथप्पा          4952          130.35
दिनेश कार्तिक         4516          132.07

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!