यह लड़ाई कांग्रेस की नहीं, देश की स्वतंत्रता की है: प्रवीण

-लोकसभा चुनाव के लिए डबरा क्षेत्र का चुनाव कार्यालय


डबरा। लोकसभा प्रत्याशी घोषित होने के बाद डबरा में कांगे्रस के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन हुआ। इस अवसर पर कांग्रेस प्रत्याशी प्रवीण पाठक ने कहा कि यह लड़ाई कांग्रेस की लड़ाई नहीं है, बल्कि देश की है, देश की स्वतंत्रता की है। हमारे सामने जो लोग प्रतिद्वंद्वी के रूप में है, उनके पास संसाधन है, पैसा है, ईडी है, सीबीआई है, हमारे पास क्या है, हमारे पास सिर्फ पार्टी के ईमानदार कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि प्रवीण पाठक वह शख्स है जो डरता नहीं है।
शेर तो जंगल का राजा है, जो जंगल में कहीं भी विचरण कर सकता है। प्रवीण पाठक ने कहा जिस संविधान को बचाने के लिए न जाने कितने लोगों ने अपनी जान की कुर्बानी दी है। भाजपा वह संविधान बदलना चाहती है।

डबरा के पिछोर तिराहे पर मंगलवार को कांग्रेस के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन हुआ। राज्यसभा सांसद अशोक सिंह और लोकसभा प्रत्याशी प्रवीण पाठक ने रिबन काटकर कार्यालय का उद्घाटन किया। कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी पाठक ने कहा कि यह कार्यकर्ता की लड़ाई है, जो हर बूथ, गांव और प्रत्येक घर के सामने पहुंचकर मतदाता से कांग्रेस के पक्ष में मतदान कराने के लिए जारी रहेगी। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार ने कहा था कि आधे रेट में सिलेंडर दिया जाएगा लोगों का यह सपना आज भी अधूरा है।

रामचरित मानस के लंकाकांड को किया याद

प्रवीण पाठक ने रामचरित मानस की चौपाई “रावन रथी बिरथ रघुबीरा। देखि बिभीषन भयउ अधीरा” का उल्लेख अपने भाषण में किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार रावण सभी संसाधनों से युक्त था, फिर भी उसकी पराजय हुई थी और सत्य की विजय हुई थी। इस लड़ाई में भी सत्य की विजय होगी। पाठक ने आगे कहा कि हमें अपनी लड़ाई सुबह से शाम तक बूथ पर तब तक लडऩी है जब तक कि ईवीएम मशीन सुरक्षित जगहों पर न पहुंच जाएं। भाजपा के 300 और 400 पार के नारे से भी ग्वालियर इंकार करता है। यह लड़ाई हमारे अकेले की नहीं है, हमारे पड़ोसी की भी है, हमारे समाज की भी है, हमारे देश की भी है और हमारे ग्वालियर की भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!