-शक्की पति को लगता था कि पत्नी मोबाइल पर करती है किसी और से बात
अशोकनगर। उनके विवाह को 16 वर्ष हो गए थे, सब कुछ ठीक ठाक चल रहा था, इसी बीच दिव्यांग पति को लगने लगा कि उसकी पत्नी मोबाइल पर किसी और से बात करती है। शक दिमाग में इतना घर कर गया कि बीती रात 2 बजे पति ने सोते समय पत्नी का हाथ ही काट दिया। इससे भी संतुष्टि नहीं हुई तो उसने पत्नी के पैर पर भी वार कर दिया। हमला करने के बाद पति अपने साथ पत्नी का हाथ भी ले गया।
अविश्वास से जन्मी यह घटना अशोकनगर के बरखेड़ी गांव की है। गांव का निवासी कमल अहिरवार (36 वर्ष) एक पैर से दिव्यांग है। कमल का विवाह 16 वर्ष पूर्व मिथलेश बाई (35 वर्ष) से हुआ था। दंपती के दो बेटे और दो बेटियां हैं।
विवाह के बाद से सब कुछ अच्छा चल रहा था। बीते कुछ समय से कमल को यह शक होने लगा था कि उसकी पत्नी किसी और से बात करती है। मोबाइल पर होने वाली बातचीत को लेकर उसने एकाध बार टोकाटाकी भी की तो पत्नी से इसे सामान्य बातचीत बताया।
इसके बावजूद पति को संतुष्टि नहीं मिली और उसका शक बढ़ता गया। शक और अविश्वास से उपजे गुस्से का अंजाम यह हुआ कि पति ने बीती रात 2 बजे पत्नी पर धारधार हथियार से हमला कर दिया। सोते में हुए इस हमले से पत्नी सन्न रह गई।
इस बीच पति ने हाथ और पैर पर वार किए। धारदार हथियार से हुए इस हमले से पत्नी का एक हाथ कट गया। हमले के बाद भी कमल को संतोष नहीं हुआ तो वह पत्नी का कटा हुआ हाथ अपने साथ ले गया। घटना केे बाद पुलिस ने महिला के बयान दर्ज किए हैं, जबकि दिव्यांग कमल फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।