-हवन करने के उपरांत कराया गया कन्याभोज, मंदिरों पर मेले का हुआ आयोजन
-पूजा संपन्न होने के बाद बांटी गई भंडारे की प्रसादी
भिण्ड। दुर्गा नवमी के दिन सुबह से ही देवी मंदिरों में पूजा अर्चना करने के लिए आने वाले भक्तजनों की भीड़ दिखाई देने लगी थी। महिलाओं के द्वारा पहले घर पर पूजा की गई उसके बाद मंदिर में विशेष पूजा कर कन्याभोज किया गया है। शाम के समय प्राचीन मंदिरों में मेले का आयोजन भी हुआ जहां पर बड़ी संख्या में श्रद्धालू पहुंचे थे। कुछ भक्तों के द्वारा नेजा भी मंदिरों में चढ़ाऐ गए हैं।
चैत्र सुदी पड़वा से हुई नवरात्रों की शुरुआत घटस्थापना के साथ हुई थी। लगातार नौ दिनों तक माता की आराधना भक्तजनों के द्वारा की गई है। बुधवार को नवमी के अवसर पर अल सुबह से ही मंदिरों में पूजा अर्चना शुरु हो गई थी। नवरात्रों में पडऩे वाली नवमी के दिन कुछ घरों में माता की विशेष पूजा अर्चना भी की जाती है। जिसे विधि विधान के साथ संपन्न करने के बाद सभी लोग माता के मंदिर पहुंचे और वहां पर जाप देने के बाद हवन का आयोजन किया गया।
हवन संपन्न होने के बाद सामूहिक कन्याभोज कराया गया। माता के भोग में विशेष रूप से हलवा और चना का भोग शामिल किया गया था। शाम के समय कुछ मंदिरों पर भंडारे का आयोजन भी किया गया है। शहर के भवानीपुरा माता मंदिर, छोटी माता मंदिर, भैरो काली माता मंदिर, संतोषी माता मंदिर, सत्रह वटालियन माता मंदिर, पावई माता मंदिर, चत्थर वाली माता मंदिर, रेंहकोला मंदिर, कालिका माता मंदिर पर दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालूजन पहुंचे हैं।
इटावा रोड स्थित सत्रह वटालियन माता मंदिर पर सुबह से ही ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पूजा करने के लिए दर्शनार्थी आने लगे थे। शाम तक मंदिर परिसर पूरी तरह से खचाखच हो गया था। मंदिर परिसर में ही मेले का आयोजन किया गया था। जहां पर विभिन्न प्रकार के पकवान और आईसक्रीम की बिक्री की जा रही थी। यहां पर वाहनों की पार्किंग व्यवस्था भी मंदिर से दूर कर दी गई थी। सुरक्षा की द्रष्टि से वहां पर पुलिस के जवान तैनात थे।
पांच कुंडीय यज्ञ का हुआ आयोजन
शहर के कुंभरौआ मंदिर पर गायत्री परिवार के द्वारा पांच कुंडीय यज्ञ का आयोजन किया गया है। जिसमें सम्मिलित होने के लिए बड़ी संख्या में जोड़े पहुंचे थे। विधि विधान के साथ यज्ञ को संपन्न कराया गया। जिसके बाद माता का भोग लगाया गया और फिर प्रसादी का वितरण किया गया है। उक्त जानकारी सतेन्द्र सिंह कुशवाह के द्वारा दी गई है।
मंदिर में मनाई गई राम नवमी
शहर के हनुमान बजरिया में स्थित राम जानकी मंदिर में राम नवमी का त्यौहार धूमधाम के साथ मनाया गया है। यहां पर मंगलवार को अखंड रामायण पाठ आरंभ किया गया जो कि बुधवार सुबह संपन्न हो गया था। इसके बाद मंदिर समिति के द्वारा हवन किया गया। दोपहर के समय चलित भंडारे का आयोजन भी हुआ। इसके बाद रात आठ बजे मंदिर में भगवान राम की भव्य आरती उतारी गई। जिसमें बड़ी संख्या में भक्तजन उपस्थित हुए।