-गुरुवार को चार होटलों का किया गया निरीक्षण
ग्वालियर। नगर निगम ग्वालियर के फायर ब्रिगेड डिपार्टमेंट की टीम ने गुरुवार को चार होटलों का निरीक्षण किया। अग्निशमन व्यवस्था पूर्ण नहीं करने पर होटल सनबीम को सील कर दिया।
फायर ऑफिसर उमंग प्रधान ने बताया कि नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह के निर्देशानुसार एवं अपर आयुक्त मुनीष सिंह सिकरवार के निर्देशन में अधीक्षण यंत्री डॉक्टर अतिबल सिंह यादव, नोडल ऑफिसर फायर केशव सिंह चौहान, मदाखलत अधिकारी शैलेन्द्र सिंह चौहान ने फायर अमले के साथ होटल सनबीम, होटल स्कारलेट, होटल होरीजोंट प्लाजा एवं होटल सेंट्रल पार्क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अग्निशमन व्यवस्था पूर्ण नहीं करने पर होटल सनबीम होटल को सील कर दिया गया। होटल संचालक को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने एवं फायर एनओसी लेने के निर्देश दिए गए।
अपर आयुक्त मुनीष सिंह सिकरवार ने बताया कि ग्वालियर शहर के व्यवसायी, भवन स्वामी, होटल, मैरिज गार्डन, विस्फोटक, बहुमंजिला इमारतों आदि में अग्निशमन व्यवस्था अनिवार्य है। जिनके पास व्यवस्थाएं पूर्ण नहीं होंगी उनके खिलाफ एनबीसी कोड 16 संशोधित मध्य प्रदेश सरकार का आदेश, गजट नोटिफिकेशन के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।