भिण्ड। मौसम परिवर्तन के साथ ही अब गर्मी अपने चरम पर आती जा रही है। जिसके कारण आने वाले दिनों में बेसहारा गायों को चारा पानी की काफी परेशानी होने लगती है। इसी समस्या से गायों को निजात दिलाने के लिए नवयुवाओं की टोली के द्वारा प्रयास किया जा रहा है।
ज्ञात हो कि इस समय पारा 38 डिग्री पर चल रहा है और सूरज की तपिश असहनीय होती जा रही है। इसीलिए आदित्य भदौरिया गौ सेवा टीम ने जानकारी देते हुए बताया कि हमारी टीम में 2 दर्जन से अधिक युवक जुड़े हुए हैं। जो की 3 वर्ष से अधिक समय से गायों की निस्वार्थ सेवा कर रहे हैं। गौ सेवा टीम ने नगर परिषद फूप को कई बार लिखित एवं मौखिक रूप से अवगत कराया लेकिन नगर परिषद अधिकारियो के द्वारा जब बेसहारा मवेशियों के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई तो फिर इन युवाओं के द्वारा गायों के लिए चारा पानी की व्यवस्था की गई है। आदित्य भदौरिया ने बताया कि उनकी टीम के द्वारा फूप क्षेत्र में अलग अलग जगहों पर लगभग आधा सैकड़ा पानी की टंकिया रखवाई गई हैं।
जिनमें पानी नियमित तौर पर भरा जाता है। इसके साथ ही चारा की भी व्यवस्था कर दी गई है। खास बात ये है कि युवाओं की टोली के द्वारा विगत 3 वर्षों से इसी प्रकार निरंतर गायों की सेवा हर साल की जाती है। आदित्य भदौरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि उनकी टीम केवल यहीं तक सीमित नहीं है बल्कि इसके साथ ही बीमार गायों का उपचार भी कराया जाता है। जब भी कहीं सूचना मिलती है कि गाय बीमार या घायल है तो टीम के सदस्य वहां पर पहुंचते हैं और बीमार गाय का इलाज किया जाता है।