-पद्मा विद्यालय की छात्राओं ने संगीतमयी नृत्य नाटिका के माध्यम से दिया मतदान का संदेश
-छात्रा कामाक्षी को बनाया स्वीप का ब्रांड एंबेसडर
ग्वालियर। “मोको करनो है मतदान कि पोलिंग ले चल लांगुरिया” लोकगीत की धुन पर शासकीय पद्माराजे कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने मतदान पर केन्द्रित संगीतमयी नृत्य नाटिका के माध्यम से सभी को मतदान करने का संदेश दिया। मतदाता जागरूकता के लिए इस आयोजन में प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन एवं संभाग आयुक्त डॉ. सुदाम खाड़े सहित पुलिस महानिरीक्षक अरविंद सक्सेना, संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विवेक श्रोत्रिय, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रुचिका चौहान, पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह व जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक कुमार के अलावा अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं शहर के वरिष्ठ व युवा मतदाता मौजूद थे। कार्यक्रम में मौजूद सभी अधिकारी एवं वरिष्ठ नागरिकों ने छात्र-छात्राओं द्वारा दी गई प्रस्तुति की सराहना की। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजन ने सभी को लोकतंत्र के महापर्व 7 मई को अपने मताधिकार का उपयोग करने की शपथ दिलाई। साथ ही स्वयं वोट डालने एवं अपने परिजनों, मित्रों व पड़ोसियों को मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
स्वीप (सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता) के अंतर्गत बुधवार को तानसेन रेसीडेंसी में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम हुआ। आयोजन के दौरान
पद्मा विद्यालय के आचार्य बृजेश यादव के निर्देशन व छात्रा कामाक्षी की कोरियोग्राफी में महिलाओं द्वारा संचालित “पिंक बूथ” सहित मतदान के महत्व को बताने वाली प्रस्तुति दी गई। संभाग आयुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने इस प्रस्तुति से खुश होकर कामाक्षी को स्वीप का ब्रांड एंबेसडर बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जिले में जगह-जगह इस नृत्य नाटिका का मंचन कराकर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित कराया जाएगा।
मतदान करने में पिछड़ा है जिला
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजन ने कहा कि मतदान करने में ग्वालियर जिला प्रदेश में बहुत पीछे है। पिछले विधानसभा चुनाव में ग्वालियर जिले का मतदान प्रतिशत मात्र 60 प्रतिशत रहा। जबकि प्रदेश का औसत 78 प्रतिशत था। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हम सभी को वोट के माध्यम से सरकार चुनने का अधिकार है। सभी को अपने वोट का उपयोग करना चाहिए। इस बार के लोकसभा चुनाव में सभी बढ़ चढ़कर मतदान के लिए आगे आएं। सभी लोग न केवल स्वयं अपने मताधिकार का प्रयोग करें बल्कि दूसरों को भी इसके लिये प्रेरित करें।