कांग्रेस के शहजादे को देश के प्रधानमंत्री की बुराई करने में मजा आता है: मोदी

-पीएम मोदी ने कहा कांग्रेस के शहजादे की बुराई से दुखी न हों क्योंकि नामदार तो कामदार को हमेशा गाली गलौच करते आए हैं

-मुरैना की सभा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कसा राहुल गांधी पर तंज
-भाजपा प्रत्याशी शिवमंगल सिंह तोमर के समर्थन में ली सभा

ग्वालियर। कांग्रेस के शहजादे को देश के प्रधानमंत्री की बुराई करने में मजा आता है। सोशल मीडिया और टीवी पर लोग चिंता जताते हैं कि प्रधानमंत्री के लिए इस तरह की भाषा उचित नहीं है। यह सब मैं भी टीवी और सोशल मीडिया पर देख सुन रहा हूं। इनकी बुराई से दुखी न हों, क्योंकि नामदार तो कामदार को हमेशा से ही गाली गलौच करते आए हैं। पांच पचास गाालियां पड़ भी जाएंगीं तो पड़ जाएंगीं, हम तो गरीबी से निकले हैं। ये गाली गलौच इसलिए हो रही हैं क्योंकि जिंदगी के साथ और जिंदगी के बाद भी कांग्रेस की लूट के बीच अब ये मोदी 56 इंच का सीना तानकर खड़ा हो गया है। आपके हितों की रक्षा के लिए ये मोदी दीवार बनकर खड़ा है। ये मोदी की गारंटी है कि इनके मंसूबे सफल नहीं होंगे। यह बात देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुरैना के पुलिस परेड ग्राउंड में हुई सभा के दौरान आम जन को संबोधित करते हुए कही।

लोकसभा चुनाव के लिए प्रदेश की 29 सीटों के साथ ग्वालियर-चंबल संभाग की चार सीटों पर पीएम मोदी का प्रदेश में लगातार दूसरा दौरा है। पीएम की सभा का समय सुबह 11 बजे का रखा गया था। करीब एक घंटे बाद सभा शुरू हुई। मुरैना के पुलिस परेड ग्राउंड में हुई इस सभा को लेकर भाजपा का दावा है कि प्रत्याशी शिवमंगल सिंह तोमर के समर्थन में हुई जनसभा में लगभग 1 लाख लोग जुटे। अब 26 अप्रेल को अशोकनगर एवं राजगढ़ जिले में केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह सभाओं को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के प्रदेश में यह लगातार दौरे हैं। अमित शाह 26 अप्रेल को सुबह 10.50 बजे भोपाल से गुना के लिए रवाना होंगे। इसके बााद 11.45 बजे अशोकनगर के पिपरई स्थित मंडी परिसर में जनसभा लेंगे। दोपहर 1.30 बजे राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे।

अंबेडकर की पीठ में कांग्रेस ने घोंपा छुरा


पीएम मोदी ने कहा कि जब संविधान बना तब देश के गणमान्य नागरिकों ने एक साथ बैठकर चर्चा करके सहमति बनाई थी। बाबा साहब ने उन चर्चाओं पर संविधान की प्रस्तावना रची। बाबा साहब ने किसी भी सूरत में धर्म के आधार पर आरक्षण न दिए जाने की बात लिखी थी। इसके बावजूद कांग्रेस ने बाबा साहब की पीठ में छुरा घोंपा। कांग्रेस ने यह धोखेबाजी इसलिए की क्योंकि उसे आरक्षण को मोहरा बनाना था। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से धार्मिक तुष्टिकरण को मोहरा बना रही है। कर्नाटक में कांग्रेस का राज्य है, आप हैरान रह जाओगे, उन्होंने क्या पाप किया है, मुस्लिम समाज के लोगों को रातों रात एक कागज निकालकर हस्ताक्षर करके उन सभी को ओबीसी घोषित कर दिया। मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने आजादी के समय धर्म के नाम पर देश का बटवारा स्वीकार कियाा और मां भारती के हाथों की जंजीर काटने की बजाय मां भारती की भुजाएं ही काट दीं। कांग्रेस अब फिर से मतदाता की आंख में धूल झोंककर सत्ता हथियाने की जुगत लगा रही है।

 

देश नहीं परिवार ही कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा से यह पॉलिसी अपना रखी है कि जो मेहनत करे, जो समर्पित हो, जिसका ज्यादा योगदान हो, उसे सबसे पीछे रखो। कांग्रेस के लिए उनका परिवार ही हमेशा से सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण रहा है। इन्होंने देश के जवानों तक की चिंता नहीं की। वर्षों तक सेना के जवानों की वन रैंक वन पेंशन की मांग पूरी नहीं होने दी। हमने सरकार बनाते ही इसे लागू किया। अब जवानों के हाथ बंधे नहीं हैं, अगर उधर से एक गोली चलती है तो इधर से वे दस गोली चलाते हैं। हमने सैनिकों को खुली छूट दे दी है।

कांग्रेस के सरकार में आते ही लगेगा इनहैरिटैंस टैक्स

मोदी ने अपने भाषण में कहा कि आज पहली बार देश के सामने एक दिलचस्प तथ्य रख रहा हूं। जब देश की पीएम बहन इंदिरा जी नहीं रहीं तो उनकी प्रॉपर्टी उनकी संतानों को मिलनी थी। उस समय देश में यह कानून था जिसके हिसाब से सरकार संपत्ति का एक हिस्सा ले लेती थी। तब चर्चा थी कि इंदिरा जी नहीं रहीं तो उनके बेटे राजीव को प्रॉपर्टी मिलनी थी। प्रॉपर्टी को बचाने के लिए उस समय पीएम राजीव गांधी ने पहले के इनहैरिटेंस कानून को समाप्त किया। सत्ता पाने के लिए ये लोग वही कानून ज्यादा कड़ाई से वापस लाना चाहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!