-केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने जनसभा में साधा कांग्रेस पर निशाना
गुना/राजगढ। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि दिग्विजय सिंह के कार्यकाल में मध्यप्रदेश नक्सलवाद से पीडि़त राज्य माना जाता था पूरा चम्बल डाकुओं से भरा हुआ था लेकिन आज भाजपा ने मध्यप्रदेश से नक्सलवाद को समाप्त करने का कार्य किया है। दिग्गी राजा राजगढ़ छोड़कर भोपाल चले गए थे और आज राजगढ़ की जनता से वोट मांग रहे हैं। इन्हीं दिग्गी राजा की सलाह से राहुल गांधी ने अपने घोषणा पत्र में अल्पसंख्यकों के लिए पर्सनल लॉ लाने की बात रखी है। कांग्रेस देश में मुस्लिम पर्सनल लॉ लाना चाहती है। यह देश शरिया कानून के मुताबिक नहीं चल सकता। जब तक भारतीय जनता पार्टी है तब तक पर्सनल लॉ इस देश में लागू नहीं हो सकता है। यह देश समान नागरिक संहिता से चलेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी है कि उत्तराखंड की तरह पूरे देश में समान नागरिक संहिता लागू किया जाएगा। दिग्गी राजा ने ही भगवा आतंकवाद की बात कही थी और ये पाकिस्तान के आतंकियों को आप कहकर संबोधित करते हैं। हाफिज सईद दिग्विजय सिंह का साहब होगा भारत के लिए तो दुर्दान्त आतंकी था जिसने भारत का नुकसान किया है। जाकिर नाईक को ये गले लगाते है, अफजल गुरु की फांसी का विरोध करते थे, पीएफाआई पर बैन का विरोध करते हैं और सीएए समर्थकों पर लाठियां चलवाते हैं।
शुक्रवार को मध्यप्रदेश के गुना और राजगढ़ में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में समान नागरिक संहिता के प्रति भाजपा सरकार की प्रतिबद्धता पर जोर दिया और कांग्रेस द्वारा एक वर्ग विशेष के तुष्टिकरण की नीति की कड़ी निंदा की। जनसभाओं में मुख्यमंत्री मोहन यादव, निवर्तमान गुना सांसद केपी यादव, गुना लोकसभा प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया, राजगढ़ लोकसभा प्रत्याशी रोडमल नागर सहित अन्य वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद थे।
राजमाता के बिना भाजपा की कल्पना नहीं
शाह ने कहा कि यदि जनसंघ और भाजपा की नींव के लिए राजमाता ने बलिदान न दिया होता तो वर्तमान की भाजपा की कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। हमारे प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया और रोडमल नागर को दिया गया एक-एक वोट आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाएगा। जनता जब अपने सांसद प्रत्याशी को वोट करती है तो पार्टी से अपने सांसद को आगे बढ़ाने की उम्मीद रखती है, लेकिन प्रधानमंत्री ने तो गुना को एक बना बनाया मंत्री प्रत्याशी के रूप में दे दिया है, इसलिए ये आप की जिम्मेदारी है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया को विजयी बनाएं।
पार्टी पर छोड़ों केपी की चिंता
शाह ने कहा कि निवर्तमान सांसद केपी यादव ने गुना क्षेत्र की बहुत सेवा की है इसलिए केपी यादव की चिंता पार्टी पर छोड़ दीजिए। केपी यादव के भविष्य और उन्हें आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी भारतीय जनता पार्टी की है। गुना की जनता को केपी यादव और ज्योतिरादित्य सिंधिया दोनों नेता मिलेंगे। यह चुनाव देश को तीसरे नंबर का अर्थतंत्र, 3 करोड़ माताओं बहनों को लखपति दीदी, लोगों के घरों पर सोलर पैनल लगाकर उन्हें बिजली से मुक्ति दिलाने और पीएम आवास योजना के तहत 4 करोड़ नए घर बनाने का चुनाव है।
राहुल और खडग़े पर कसा तंज
केन्द्रीय गृहमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खडग़े सवाल करते हैं कि धारा 370 का मध्यप्रदेश और राजस्थान की जनता से क्या लेना देना है? कांग्रेस सरकार ने तुष्टीकरण के लिए धारा 370 को बनाए रखा था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 5 अगस्त 2019 को धारा 370 को समाप्त करके कश्मीर को सदैव के लिए भारत का अभिन्न अंग बना दिया। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी का कहना था कि धारा 370 के हटने से कश्मीर में खून की नदियां बह जाएंगी लेकिन पिछले 5 वर्षों में खून की नदियां छोडि़ए, किसी में कंकर मारने की भी हिम्मत नहीं हुई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस देश से आतंकवाद और नक्सलवाद को समाप्त किया है। पूर्व के कांग्रेस शासन में आए दिन पाकिस्तान से आए आतंकी भारत में बम धमाके करते थे और कांग्रेस सरकार चुप चाप बैठी रहती थी। भाजपा सरकार में पाकिस्तान से आए आतंकियों ने पुलवामा और उरी में हलमा करने की गलती की तो 10 दिनों के भीतर भारतीय सेना ने पाकिस्तान के घर में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक और एयरस्ट्राइक कर आतंकियों का सफाया कर दिया। कांग्रेस चार पीढिय़ों तक गरीबी हटाने की बात करती रही लेकिन गरीबी नहीं हटा सकी।
अब दिग्विजय की स्थाई विदाई का समय
शाह ने कहा कि कांग्रेस कहती है इस देश के संसाधनों पर सबसे पहला अधिकार अल्पसंख्यकों का है। कांग्रेस की मंशा को भाजपा सफल नहीं होने देगी। इस देश के संसाधन पर सबसे पहला हक गरीब, दलित, आदिवासी और ओबीसी का है। कांग्रेस ओबीसी विरोधी पार्टी है, कांग्रेस ने काका कालेलकर और मंडल कमीशन की रिपोर्ट को वर्षों तक छुपा कर रखा। केन्द्र की संस्थाओं में ओबीसी को आरक्षण नहीं दिया, ओबीसी आयोग नहीं बनाया। शाह ने कहा कि कांग्रेस बहुत बार आई और गई लेकिन अब दिग्विजय सिंह का राजनीति से स्थायी विदाई का समय आ गया है और विदाई भी बड़ी होनी चाहिए। आशिक का जनाजा है, धूम-धाम से निकाला जाना चाहिए।
यह बोले अन्य नेता
-मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अब गुजरात की तर्ज पर मध्यप्रदेश में भी पशुपालकों को दूध पर बोनस दिया जाएगा। केंद्रीय मंत्री और गुना से पार्टी प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि आजादी के 75 साल बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के सपने को पूरा किया है। डॉ. मुखर्जी ने कहा था कि एक देश-दो विधान, दो प्रधान, दो निशान नहीं चल सकते। कश्मीर में धारा 370 को हटाया गया और कश्मीर में अमन-चैन का वातावरण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद सारी गारंटियां भी पूरी होंगी और भारत 2047 तक विश्व गुरू बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा। इस दौरान प्रदेश शासन के मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, तुलसीराम सिलावट, प्रद्युम्न सिंह तोमर, कलस्टर प्रभारी भूपेंद्र सिंह, जिला अध्यक्ष आलोक तिवारी, विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी, राव बृजेंद्र सिंह यादव, महेंद्र सिंह यादव, देवेंद्र जैन, पन्नालाल शाक्य के अलावा प्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग, नारायण सिंह पंवार, गौतम टेटवाल, राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार, सांसद बंशीलाल गुर्जर, रोडमल नागर, विधायक हजारीलाल दांगी, अमरसिंह यादव, मोहन शर्मा, प्रियंका मीणा, संयोजक दिपेन्द्र सिंह चौहान, ज्ञानसिंह गुर्जर, जिलाध्यक्ष चिंतामन राठौर, धर्मेंद्र सिकरवार आदि मौजूद थे।
यह गिनाईं उपलब्धियां
-भाजपा शासन के 10 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आ गए।
-80 करोड़ लोगों को प्रतिमाह 5 किलो निशुल्क अनाज दिया जा रहा है।
-10 वर्षों में 12 करोड़ शौचालय बनाए गए, 4 करोड़ लोगों को घर बनाकर दिए गए।
– 3 करोड़ लोगों को घर में बिजली दी, 10 करोड़ माताओं को गैस कनेक्शन दिए गए।
-14 करोड़ लोगों को नल से जल देने का कार्य किया गया।
-कोरोना जैसी गंभीर बीमारी के दौरान 130 करोड़ लोगों को निशुल्क टीका देकर भारत को सुरक्षित किया गया।
-500 वर्षों तक एक टेंट में रहने के बाद 17 अप्रैल 2024 को प्रभु श्री राम ने भव्य राम मंदिर में अपना जन्मदिवस मनाया।
-प्रधानमंत्री ने नई संसद और कर्तव्य पथ बनाया।
-विश्व में पहली बार चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान को उतारने वाला देश भारत है।
-देश के विकास में पहली प्राथमिकता अनुसूचित जाति, जनजाति और ओबीसी को दी है।
-नीट परीक्षा, मेडिकल दाखिले और केन्द्रीय संस्थानों में ओबीसी समुदाय को 27 प्रतिशत आरक्षण देने का काम किया।
ये दिया मध्यप्रदेश को
-कांग्रेस के समय में मक्का का न्यूनतम समर्थन मूल्य 1300 था जो भाजपा शासन में 2000 हो गया है।
-सोयाबीन 2560 से 4600, गेहूं 1400 से 2275 रुपए प्रति क्विंटल करने का काम भाजपा ने किया है।
-भाजपा सरकार ने 260 करोड़ की लागत से राष्ट्रीय राजमार्ग कुरवाई मुंगावली चंदेरी का निर्माण कराया।
-112 करोड़ रुपए गुना नगरपालिका में आवास योजना के तहत खर्च किए गए।
-45 करोड़ रुपए की लागत से एयरपोर्ट का निर्माण, 83 करोड़ रुपए स्वास्थ्य केंद्रों पर खर्च किए गए।
-560 करोड़ रुपए की चंदेरी सिंचाई परियोजना और 90 करोड़ रुपए मल्हारगढ़ सिंचाई परियोजना, 90 करोड़ रुपए से 2800 हेक्टेयर की पनहेटी सिंचाई परियोजना पर खर्च किए गए।
-रोडमल नागर ने रामगंज-मंडी-भोपाल रेलवे लाइन परियोजना के लिए 2,000 करोड़ आवंटित किए हैं।
-400 करोड़ रुपए की लागत से राजगढ़ में मेडिकल कॉलेज बनाया गया।
-7000 किलोमीटर की नई पाइपलाइन से 1300 गांवों में नल से जल पहुंचाया गया।
-27 करोड़ रुपए की लागत से व्यवसायिक महाविद्यालय खोला गया है।
-13 करोड़ से एक आदर्श कॉलेज, 12 करोड़ से एक नवीन सरकारी कॉलेज और 9 करोड़ रुपए की लागत से लॉ कॉलेज बनाया गया।
-राजगढ़, हिलचीपुर, नरसिंहगढ़, कुरावर से श्यामपुर तक नए रेलवे ट्रैक बनाए गए हैं।
-बीते 5 वर्षों में प्रधानमंत्री ने मध्य प्रदेश के विकास के लिए 9 लाख करोड़ आवंटित किए हैं।