मालनपुर। बकनासा का पुरा गांव में शनिवार के रोज विवाद के चलते दो परिवारों में मारपीट की घटना हो गई, जिसमें दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर लाठी-डंडे व फरसे से हमला कर दिया। मालनपुर थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में पांच लोग घायल हो गए, जिन्हें 108 की मदद से इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रकरण की जानकारी होने पर पुलिस थाना मालनपुर ने मामला पंजीबद्ध कर जांच में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार मालनपुर के बकनासा का पुरा में शनिवार सुबह 9 बजे मामूली विवाद को लेकर दो परिवारों में जमकर लाठी डंडे और फरसे चल गए। यहां 23 वर्षीय धर्मवीर पुत्र दीवान सिंह का अपने पड़ोसी से विवाद हो रहा था इसी बीच आरोपी पक्ष ने एक राय होकर उसके ऊपर हमला कर दिया। इस मारपीट की वारदात में धर्मवीर सहित 55 वर्षीय दीवान सिंह, पूरन सिंह दोनों पुत्र लक्ष्मीनारायण सिंह सूरज 22 वर्ष पुत्र हरज्ञान सिंह जाटव घायल हो गए। इसमें धर्मवीर का सिर फट जाने से उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मारपीट की सूचना ग्रामीणों द्वारा फोन पर डायल 108 पर देने पर सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरु किया गया। इस बीच मामले की जानकारी होने पर मालनपुर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।