भिण्ड: पांडऱी गांव में बकरी के खेत में घुसने पर आधा दर्जन युवकों में हुई मारपीट

-क्राइम न्यूज

भिण्ड। ऊमरी थाना क्षेत्र के ग्राम पांडऱी में एक बकरी खेत में चरने के लिए घुस गई थी। इसी बात पर दोनों पक्ष के आधा दर्जन युवकों ने आपस में मारपीट कर दी है। जिसके बाद मामला थाने जा पहुंचा तो पुलिस ने दोनों ही पक्ष पर मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार फरियादी अरविंद पुत्र रामस्वरूप दौहरे निवासी ग्राम पांडऱी ने पुलिस को बताया कि रविवार शाम सवा सात बजे अंकुल दौहरे की बकरी उनके खेत में चरने के लिए घुस आई थी। जब अंकुल से इस बात की शिकायत की गई तो अरविंद के घर के पास आकर अंकुल पुत्र सुखराम दौहरे, लालू पुत्र सुखराम दौहरे और पप्पू पुत्र गनेश दौहरे निवासीगण पांडऱी गालियां देने लगे और मारपीट कर दी। वहीं अंकुल पुत्र सुखराम दौहरे ने पुलिस को बताया कि रविवार शाम के समय उनकी बकरी चरने के लिए अरविंद के खेत में घुस गई थी। इसी बात पर अरविंद दौहरे, प्रदीप दौहरे और मनोज दौहरे पुत्रगण रामस्वरूप दौहरे आए और गालियंा देते हुए मारपीट करने लगे। घटना के बाद दोनों पक्ष थाने जा पहुंचे जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों पर मामला दर्ज कर लिया है।

 

सड़क दुर्घटना में 2 युवक हुए घायल वाहन हुए क्षतिग्रस्त, मामला दर्ज

भिण्ड। रावतपुरा और मालनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सड़क दुर्घटना में 2 युवक घायल हो गए हैं और उनके वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इस संबंध में दोनों फरियादियों के द्वारा संबंधित थाने में आवेदन दिया गया है। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी वाहन चालकों पर मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार अखिलेश पुत्र परमाई प्रजापति निवासी देवरी थाना दबोह ने पुलिस को बताया कि रविवार शाम साढ़े पांच बजे जब वह महुआ मोड़ के पास से लहार से अपने गांव की तरफ इलैक्ट्रिक साइकिल से जा रहा था। तभी बाइक एचआर 01 क्यू 9246 के चालक ने उसके वाहन में टक्कर मार दी। टक्कर लगने की वजह से वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया और उसकी साइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई है। वहीं किशन लाल पुत्र करन सिंह निवासी छरेंटा थाना एण्डोरी ने पुलिस को बताया कि जब वह रविवार शाम 4 बजे गुरीखा तिराहे के पास से अपनी कार एमपी 07 सीजी 7558 से जा रहा था। तभी बाइक एमपी 07 सीजे 2610 के चालक ने कार में टक्कर मार दी जिससे उसकी कार क्षतिग्रस्त हो गई है। पुलिस ने आरोपी वाहन चालकों पर मामला दर्ज कर लिया है।

 

भदाकुर गांव में पुरानी रंजिश पर दो पक्षों में हुई मारपीट

भिण्ड। फूप थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम भदाकुर में पुरानी रंजिश पर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। जिसके बाद दोनों पक्षों में आपस में मारपीट होने लगी। घटना के बाद दोनों पक्ष थाने जा पहुंचे और आवेदन दिया गया। जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों पर मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार फरियादी राजू खान पुत्र मीर खान निवासी ग्राम भदाकुर ने पुलिस को बताया कि रविवार रात 8 बजे जब वह अपने घर के बाहर बैठा हुआ था। तभी वहां पर मुन्ना खां, दिलशाद खां, इन्साद खां और पूजा निवासीगण ग्राम भदाकुर आए और पुरानी रंजिश के चलते उसे गालियां देने लगे। जब उनसे राजू ने कहा कि गालियां मत दो तो उन्होंने मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी भी दे डाली। वहीं दूसरे पक्ष से मुन्ना खां ने पुलिस को बताया कि जब वह अपने घर के बाहर बैठा था। तभी वहां पर मौसम खां, राजू खां बिल्कीसा बानो और जमील खां आए और गालियां देते हुए पुरानी रंजिश पर मारपीट करने लगे। बताया गया है कि इन दोनों के बीच पहले से ही कोई रंजिश चली आ रही है जिसके कारण आपस में विवाद होता रहता है। इसके बाद दोनों पक्ष थाने पहुंच गए थे और पुलिस को आपबीती सुनाई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

 

अशोक नगर और ऐचाया गांव में दो महिलाओं के साथ हुई मारपीट

भिण्ड। देहात थाना क्षेत्र के अशोक नगर और गोहद थाना क्षेत्र के ग्राम ऐचाया में दो महिलाओं के साथ युवकों के द्वारा मारपीट की गई है। पीडि़ताओं की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों पर मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार फरियादी राखी पत्नी अभिषेक भदौरिया निवासी शताब्दीपुरम ग्वालियर ने पुलिस को बताया कि 27 अप्रेल रात साढ़े नौ बजे जब वह अशोक नगर में थी। तभी वहां पर रामवीर भदौरिया और अशोक भदौरिया निवासीगण अशोक नगर के द्वारा उसके साथ गालियां देते हुए मारपीट कर दी गई है। वहीं वंदना कुशवाह पत्नी आकाश कुशवाह निवासी ग्राम ऐचाया ने पुलिस को बताया कि रविवार सुबह के समय जब वह अपने घर पर थी। तभी वहां पर आकाश पुत्र बीरवल सिंह कुशवाह आया और बर्तन साफ करने की बात पर गालियां देने लगा। इसके बाद आकाश के द्वारा मारपीट कर दी गई है। पुलिस ने आरोपियों पर मामला दर्ज कर लिया है।

 

कोतवाली पुलिस ने सट्टे की पर्ची के साथ 2 युवक किए गिरफ्तार

भिण्ड। शहर के अलग अलग जगह से पुलिस ने दो युवकों को सट्टे की पर्ची के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों पर मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गौरी सरोवर किनारे बिहारी पार्क के पास कोई युवक सट्टे की पर्ची लिख रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस वहां पर पहुंची तो देखा कि बिहारी पार्क के पास अनूप पुत्र वंशीलाल शर्मा निवासी माधौगंज हाट पर्ची लिख रहा है। पुलिस ने उसके पास से चार सट्टे की पर्ची, एक पेंसिल और 1010 रूपये बरामद किए हैं। वहीं सुधीर पुत्र सुरेश शर्मा निवासी दुर्गा नगर भिण्ड को जेल रोड से सट्टे की चार पर्ची, पेंसिल और 1060 रूपये सहित गिरफ्तार कर लिया है।

 

पचेरा गांव में पैसों के लेनदेन पर 3 युवकों ने एक युवक के साथ की मारपीट

भिण्ड। मेहगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पचेरा में पैसों के लेनदेन पर तीन युवकों ने एक अन्य युवक के साथ मारपीट कर दी है। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपियों पर मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार फरियादी धर्मेन्द्र सिंह सेंगर पुत्र पूरन सिंह सेंगर निवासी ग्राम पचेरा ने पुलिस को बताया कि रविवार सुबह दस बजे जब वह तलैया वाले खेत पर था। तभी वहां पर रिशू भदौरिया, बिन्नू भदौरिया और सौरभ भदौरिया जोकि उसी के गांव के रहने वाले हैं। खेत पर आए और पुराने पैसों के लेनदेन की बातचीत करने लगे। इसके बाद तीनों आरोपियों के द्वारा गालियां देते हुए मारपीट कर दी गई।

 

अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार मामला दर्ज

भिण्ड। नयागांव थाना पुलिस ने एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी युवक पर मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार विनोद पुत्र इंदल सिंह निवासी सगरा नए अस्पताल के पास खड़ा हुआ था। पुलिस के द्वारा जब युवक की तलाशी ली गई तो उसके पास से एक 315 बोर का देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!