-संन्यास आश्रम से शुरू हुए चल समारोह का जगह-जगह हुआ स्वागत
डबरा। भगवान श्री चित्रगुप्त के प्रकट उत्सव के उपलक्ष में मंगलवार देर शाम चल समारोह निकाला गया। संन्यास आश्रम से शुरू हुए चल समारोह का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। समारोह में आकर्षक झांकियां भी सजाई गई थीं। चल समारोह में कायस्थ समाज के अधिकांश पुरुष और महिलाएं शामिल हुए।
प्रकट उत्सव पर निकले चल समारोह से पहले चित्रगुप्त मंदिर पर हवन-पूजन और महाआरती की गई। चल समारोह में सबसे आगे भगवान श्री चित्रगुप्त का स्वरूप सजाया गया। इसके बाद भगवान हनुमान, लाल बहादुर शास्त्री, सुभाष चंद्र बोस की झांकी भी सजाई गई थीं। संन्यास आश्रम से शुरू हुआ चल समारोह जवाहरगंज सुभाषगंज, बुजुर्ग रोड होता हुआ चित्रगुप्त मंदिर पहुंचा। मंदिर पर भगवान की आरती हुई और फिर चल समारोह का समापन किया गया। चल समारोह में समाज के अध्यक्ष राजीव श्रीवास्तव, भरत श्रीवास्तव, यशवंत श्रीवास्तव, श्याम सनम श्रीवास्तव, अजय भटनागर, अजय श्रीवास्तव, साकेत श्रीवास्तव, राजकुमार श्रीवास्तव, सुरेश श्रीवास्तव पिछोर, राम श्रीवास्तव, अखिलेश श्रीवास्तव, तरुण श्रीवास्तव, दिलीप सक्सेना, विपुल सक्सेना आदि शामिल हुए।