-अज्ञात चालक के खिलाफ पुलिस ने किया मामला दर्ज….
डबरा। चीनोर रोड पर इटायल गांव के पास बीती रात सड़क हादसे में एक नौजवान की मौत हो गई। घटना की जानकारी सोमवार की सुबह पुलिस को मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंच मृतक के शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप कर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
सहायक उप निरीक्षक नंदकिशोर ने बताया कि बीती रात 12:00 बजे मदन पुत्र जगदीश चौहान 26 साल निवासी घरसौंदी बाइक से अपने गांव के लिए निकला था। इटायल गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने मदन की बाइक को टक्कर मार दी। घटना में मदन की मौत हो गई। मदन का शव और बाइक सड़क के किनारे पड़ी हुई थी। देहात थाना प्रभारी अनुराग प्रकाश को सोमवार की सुबह घटना की जानकारी मिली। उन्होंने स्टाफ को घटना स्थल पर भेजा। सहायक उप निरीक्षक नंदकिशोर झा ने मृतक के शव को अपनी निगरानी में लिया। मौका-ए- वारदात का पंचनामा तैयार करने के बाद मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया और फिर शव परिजन को सौंप दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की खोजबीन में लगी हुई है।
इनका कहना…..
बीती रात 12 बजे इटायल गांव के पास एक नौजवान की सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजन को सौंप दिया है। अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
अनुराग प्रकाश देहात थाना प्रभारी डबरा