-पति पत्नी के बीच हो रहा था विवाद, घायल जिला अस्पताल में भर्ती
भिण्ड। ऊमरी थाना क्षेत्र के ग्राम पांडरी में पति पत्नी के बीच विवाद हो रहा था। जिसे शांत कराने जब पड़ौसी पहुंचा और उसकी बात मानने से युवक ने मना कर दिया तो पड़ौस में रहने वाले 3 भाईयों ने आवेश में आकर पति पर ही कुल्हाड़ी से वार कर दिया है। जिससे वह काफी घायल हो गया है और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मीना देवी पत्नी उदय सिंह निवासी ग्राम पांडरी ने जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार रात साढ़े आठ बजे जब वह अपने घर पर थी। तभी उसके पति उदय सिंह के साथ उसकी कुछ कहा सुनी होने के बाद विवाद होने लगा था। आवाज सुनकर उनका पड़ौसी भानू जाटव वहां पर आ गया और बीच बचाव करने लगा। बताया गया है कि भानू उस समय शराब के नशे में था।
जिस पर उदय सिंह ने कहा कि हमारा आपस का मामला है तुम बीच में मत आओ। इतना सुनते ही उदय सिंह और भानू के बीच मारपीट होने लगी। मारपीट होती देख भानू का भाई अनुज और उसका भतीजा वीरू भी बीच में आ गया और तभी तीन में से किसी एक ने कुल्हाड़ी से उदय सिंह पर वार कर दिया। कुल्हाड़ी के वार से वह लहूलुहान हो गया जिसके बाद पति पत्नी के द्वारा ऊमरी पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के द्वारा उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। तथा आरोपियों की तलाश की जा रही है।