-दिनभर चलती रही लू ने आमजन को किया हलकान शहर की सड़कें रही सूनी
भिण्ड। इस बार नौतपा में वातावरण में अधिक गर्मी का अहसास किया जा रहा है। बीते चार दिनों की अपेक्षा पांचवे दिन तापमान में हल्की गिरावट हुई है लेकिन गर्मी से अभी राहत नहीं मिल सकी है। जिले के आलमपुर कस्बे में आधा घंटे तक बारिश भी हुई है। जिसके कारण कस्बे में कुछ देर के लिए गर्मी से राहत मिल गई थी। भिण्ड शहर में दिनभर धूप रही और लू चलने से आमजन घरों में दुबके रहे। लेकिन शाम के समय शहर में भी हल्की बूंदाबांदी हो गई थी।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 48 डिग्री था लेकिन बुधवार को पारा नीचे आया और अधिकतम तापमान 45 डिग्री दर्ज किया गया है। सुबह के समय आसमान में बादल छाऐ रहे और हवा चल रही थी। हवा चलने के कारण आमजन को सुकून मिल रहा था। लेकिन दस बजे के बाद धूप तेज हो गई थी। 12 बजे से 4 बजे तक बाजार के प्रमुख मार्ग सूने नजर आ रहे थे। इस मार्गों पर केवल वे ही नागरिक दिखाई दे रहे थे जिन्हें जरूरी काम के लिए घरों से बाहर निकलना पड़ा। ज्ञात हो कि राजस्थान की तरफ से इन दिनों गर्म हवा आ रही है जिसके कारण जिले भर में तेज गर्मी पड़ रही है।
तेज गर्मी के कारण आमजन के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव भी पड़ रहा है। लोगों को बेचेनी, घबराहट, उल्टी, दस्त, सिरदर्द जैसी तकलीफों से जूझना पड़ रहा है। दोपहर के समय बाजार में कोल्ड ड्रिंक्स की दुकान और गन्ने के रस के ठेलों पर खासी भीड़ जमा हो रही है। शाम के समय करीब पंद्रह मिनट तक हल्की बूंदाबांदी होती रही जिहसके बाद हवा चलने से राहत मिली है। वहीं उम्मीद की जा रही है कि आज का मौसम भी तापमान की द्रष्टि से ठीक रहेगा। इसके बाद नौतपा समाप्त होने के बाद भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है।
आलमपुर में हुई बारिश
बुधवार को जिले भर में सुबह से आसमान में बादल दिखाई दे रहे थे। जिसके चलते आलमपुर में दोपहर के समय लगभग आधा घंटे तक बारिश होती रही। वहीं लहार के आसपास के गांव में भी हल्की बूंदाबांदी की सूचना मिली है। आलमपुर में बारिश होने से आमजन ने गर्मी से राहत की सांस ली। लेकिन बारिश रुकते ही फिर एक बार नागरिक पसीना पसीना होने लगे थे। शहर में शाम के समय धूप हल्की होने के बाद हवा चल रही थी।
गर्मी की वजह से बैंक उपभोक्ता हो रहे परेशान
भिण्ड। भीषण गर्मी का असर अब बैंक उपभोक्ताओं पर भी अपना असर दिखा रहा है। फूप में संचालित सेन्ट्रल बैंक ऑफ इण्डिया की शाखा में आसपास के करीब100 से अधिक गांव जुड़े हैं। बैंक में रोजाना ग्राहक लेनदेन के लिए पहुंचते हैं। लेकिन सुविधाएं नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी होती है। बैंक में अधिक जगह न होने के कारण उमस और गर्मी लगने से उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं। बैंक उपभोक्ताओं का कहना है कि खाते से संबंधित काम के सिलसिले में बैंक आते ही बुरा हाल होने लगता है। वहीं कर्मचारियों के द्वारा भी अच्छा व्यवहार नहीं किया जा रहा है। खाते की जानकारी लेने पर कर्मचारियों द्वारा सर्वर डाउन होने का बहाना बना दिया जाता है।