भोपाल। उत्तरप्रदेश की राजधानी लखनऊ में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड एक्सपो यूपीआई टेक्स आयोजित हुआ। इसमें एमएसएमई विभाग के सहयोग से मध्यप्रदेश की 12 चयनित एमएसएमई इकाइयों ने भाग लिया।
इन इकाइयों ने फैब्रिक्स, पर्ल (मोती) निर्माण, पैकेजिंग, बांस आधारित उत्पाद तथा मसाला उद्योग सहित विभिन्न उत्पादों का प्रदर्शन किया। मध्यप्रदेश के इन मंडपों की आगंतुकों एवं व्यापारिक प्रतिनिधियों द्वारा सराहना की गयी।
सहभागिता करने वाली 12 एमएसएमई इकाइयों में से 2 महिला उद्यमियों की उपस्थिति विशेष उल्लेखनीय रही। यह महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल बनी। मध्यप्रदेश के एमएसएमई विभाग ने एक्सपो में हिस्सा लेने वाली सभी इकाइयों के लिए स्टॉल लगाने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की थीं।
उल्लेखनीय है कि प्रदर्शनियों में सहभागिता से प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को नए बाजार, व्यापारिक संपर्क तथा निर्यात के अवसर प्राप्त होते हैं।