– चार केन्द्रों पर हो रही 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में जमकर हो रही नकल
भिण्ड। प्रदेश के बच्चों में बोर्ड परीक्षा की असफलता उन्हें हताश न करे इसको लेकर सरकार द्वारा रुक जाना नही योजना शुरु करते हुए उन्हें एक बार फिर से सफल होने का मौका दिया जाता है, लेकिन इसके विपरीत संस्कृत बोर्ड की परीक्षाऐं 10वीं और 12वीं सफल होने की पूरी गारंटी देती है। जिले में सक्रिय शिक्षा माफिया संस्कृत बोर्ड से परीक्षा में सफल होने की पूरी गारंटी दी जाती है, जिसकी नजीर इन दिनों शहर में आयोजित हो रही संस्कृत बोर्ड की परीक्षा में सामने आ रही है। जहां परीक्षा के लिए बनाए गए सेंटरों में जमकर नकल हो रही है।
इन दिनों जिला मुख्यालय पर संस्कृत बोर्ड द्वारा 10वीं और 12वीं कक्षाओं की परीक्षाऐं संपन्न हो रही हैं, जिसके लिए यहां चार शासकीय स्कूल जिनमें परीक्षा केन्द्र एक्सीलेंस स्कूल कॉटनजीन, बुनियादी स्कूल, महारानी लक्ष्मीबाई कन्या विद्यालय एवं विक्रमपुरा शासकीय स्कूल शामिल को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है। बीते 1 मई से इन केन्द्रों पर दो पालियों में संपन्न हो रही परीक्षाओं में सुबह हाईस्कूल तो दोपहर में हायर सेकेण्डरी कक्षाओं के पेपर हो रहे हैं। इन परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर शिक्षा मण्डल की बोर्ड परीक्षाओं में सफल न होने वाले विद्यार्थी शामिल होते हैं, जिसका फायदा इस क्षेत्र में सक्रिय शिक्षा माफिया द्वारा उठाया जाता है। जो विद्यार्थियों को नकल के सहारे सफल होने की गारंटी देते हैं। इसके कारण संस्कृत बोर्ड की परीक्षा में काफी तादात में परीक्षार्थी शामिल होते हैं।
जांच को पहुंचे कलेक्टर को मिले संदिग्ध:
इन दिनों लोकसभा चुनाव के चलते संस्कृत बोर्ड परीक्षाओं की जांच को लेकर अधिकारी ध्यान नही दे पा रहे हैं। इसी का फायदा उठाते हुए नकल माफिया परीक्षा में जमकर नकल करा रहा है। इस बात की सूचना मिलने पर कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव शनिवार के रोज विक्रमपुरा शासकीय विद्यालय पर जांच करने पहुंच गए। यहां 12वीं कक्षा कुल 396 में से 95 परीक्षार्थी अनुपस्थित थे, जिसमें से कुछ परिक्षार्थी संदिग्ध लगे तो उन्होने ऐसे 5 छात्र-छात्राओं की जांच की। जिसमें तीन विद्यार्थियों के परिचय पत्र में लगे फोटो और उनके अन्य आईडी प्रूफ में मिलान हो गया, लेकिन इस बीच दो युवतियों के परिचय पत्र का प्रवेश पत्र की फोटो से मिलान न होने पर उन्हें संदिग्ध मानते हुए मामले की जांच के लिए केन्द्र के सीएस बृजेन्द्र सिंह कुशवाह को निर्देश दिए।
वर्जन:
– कलेक्टर द्वारा संस्कृत बोर्ड परीक्षा के तहत विक्रमपुरा शासकीय स्कूल का निरीक्षण किया। यहां उन्हें दो छात्राऐं संदिग्ध मिलने पर उनके आईडी प्रूफ जांच करने के निर्देश दिए हैं। यदि जांच में कोई कमी पाई जाएगी तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराऐंगे।
आरडी मित्तल, जिला शिक्षा अधिकारी
कैप्सन: परीक्षा के दौरान बाहर खड़े युवक। 4 बीएचडी 4