– सीएम ने गोहद और फूप में बीजेपी प्रत्याशी के समर्थन में की सभाऐं
– कांग्रेस पर लगाया देश और महिला विरोधी दल होने का आरोप

भिण्ड। वर्तमान के भारत में न तो कहीं बम फूटते हैं और न ही आतंकवादी हिंसक घटनाओं को अंजाम दे पाते हैं। यह आज का हिंदुस्तान है, जहां बीजेपी का शासन है। मौजूद दौर में देश की सरहद से लेकर आंतरिक सुरक्षा मजबूत हुई है। यह बात शनिवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने गोहद और फूप में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा के दौरान कहते हुए कांग्रेस पर देश पर हमला बोला।
बीजेपी प्रत्याशी संध्या राय के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करने के लिए निर्धारित कार्यक्रम के तहत शनिवार को सीएम डॉ यादव सबसे पहले गोहद पहुंचे। यहां नए बस स्टेण्ड पर आयोजित सभा में पहुंचे सीएम ने उपस्थित जनता को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेसियों की मानसिक स्थिती खराब हो चुकी है। पहले कमलनाथ और दिग्विजय सिंह द्वारा महिलाओं का अपमान करते हुए अपशब्द कहे गए अब इसी कड़ी में कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी एक दलित महिला का सार्वजनिक रुप से अपमान किया है। उन्होने कहा कि हमारे देश में महिलाओं को सम्मान की नजर देखा जाता है। इसीलिए शास्त्रों में भी नारी को पूज्यनीय बताया है, लेकिन कांग्रेस नेता हमेशा महिलाओं का अपमान करते हैं, जिसका जबाब महिला शक्ति आने वाले लोक सभा चुनाव में देगी। उन्होंने कहा कि गोहद का इतिहास 5000 वर्ष पुराना है। यहां भगवान श्री कृष्ण अपनी गायों को लेकर आते थे, इसी कारण से इसे गोहद कहा जाता है। बड़े सौभाग्य की बात है कि मुझे यहां आने का मौका मिला, निश्चित ही गोहद एक धार्मिक नगरी है।
मथुरा में मनाऐंगे अगली जन्माष्टमी:
चुनाव प्रचार के लिए भिण्ड में प्रत्याशी के समर्थन में पहुंचे सीएम डॉ मोहन यादव अपने चुनावी भाषण में एक बार फिर मंदिर निर्माण का कार्ड खेलना नही भूले। यहां उन्होने कहा कि जिस प्रकार से हमने देश की जनता के मन में राममंदिर निर्माण की कल्पना को साकार करते हुए भव्य मंदिर बनाया है इसी प्रकार से अगला लक्ष्य मथुरा में भगवान कृष्ण की जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण का है। संभव हुआ तो अगली जन्माष्टमी पर हम सभी अपने आराध्य का जन्मदिन मथुरा में भव्य मंदिर में ही मनाऐंगे।
फूप में बसपाईयों ने थामा बीजेपी का दामन:
चुनाव प्रचार अभियान के तहत सीएम डॉ मोहन यादव की सभा फूप नगर पंचायत में भी आयोजित की गई। जहां उन्होने बीजेपी प्रत्याशी के समर्थन में आम जनता से वोट देने की अपील की। इस दौरान उन्होने कांग्रेस पर हमला करते हुए देश में बीजेपी की सरकार के बाद देश लगातार आंतरिक और बाहरी तौर पर मजबूत हो रहा है। इस दौरान डॉ यादव के समक्ष एक दर्जन के करीब बसपा सहित अन्य दलों के कार्यकर्ताओं ने बीजेपी का दामन थामा। जिसमें अटेर से बसपा के प्रत्याशी रहे हरिशंकर नवरिया फौजी, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष फूप संतोष शर्मा, रक्षपाल सिंह कुशवाह सहित पूर्व बीईओ रहे सुदामा सिंह भदौरिया ने पूर्व मंत्री डॉ अरविंद सिंह भदौरिया व सीएम के सामक्ष भाजपा में शामिल हुए।
भाजपा शहर में करेगी रोड शो:
चुनाव प्रचार के अंतिम दिन रविवार को भाजपा द्वारा प्रत्याशी के समर्थन में आखिरी दिन रोड शो किया जाएगा। पार्टी द्वारा तय कार्यक्रम के तहत रोड शो कार्यक्रम में बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष बीडी शर्मा सहित कई नेता शामिल होंगे, जो पार्टी प्रत्याशी संध्या राय के समर्थन में आम जनता से वोट देने की अपील करते हुए रोड शो करेंगे। यह रोड शो परेड चौराहा से लहार चुंगी तक किया जाएगा।