ग्वालियर: सामग्री वितरण केे लिए हर विधानसभा के लिए कलर कोडिंग

-123 काउंटर से होगा सामग्री वितरण, हर विधानसभा के लिए अलग रंग का गेट

ग्वालियर। मतदान सामग्री वितरण के लिए एमएलबी कॉलेज में 6 विधानसभा क्षेत्रों के लिए अलग-अलग स्थल निर्धारित किए गए हैं। विधानसभा क्षेत्र के हिसाब से कलर कोडिंग की गई है, ताकि मतदान दल आसानी से पहुंच सकें। ग्वालियर ग्रामीण के लिए गुलाबी, ग्वालियर के लिए हलका हरा, ग्वालियर पूर्व के लिए नीला, ग्वालियर दक्षिण के लिए लाल, भितरवार के लिए बैंगनी व डबरा के लिए पीले कलर के बैनर व गेट बनाए गए हैं। सामग्री वितरण के लिए 123 सेक्टर बनाए गए हैं। इनमें ग्वालियर ग्रामीण के 22, ग्वालियर के 21, ग्वालियर पूर्व के 22, ग्वालियर दक्षिण के 18, भितरवार के 22 व डबरा विधानसभा क्षेत्र के 18 सेक्टर शामिल हैं। हर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक सेक्टर में सेक्टर अधिकारी, मास्टर ट्रेनर, लेखा अधिकारी, राजस्व निरीक्षक व पटवारी, सहायक वर्ग-3 व 5-5 भृत्य शामिल किए गए हैं।

ग्वालियर लोकसभा में शामिल जिले की 6 विधानसभा क्षेत्रों के 1680 मतदान केन्द्रों पर मतदान कराने के लिए तैनात दलों को ईवीएम सहित सभी प्रकार की सामग्री वितरित करने की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। 6 मई को एमएलबी कॉलेज से मतदान सामग्री का वितरण होगा। मतदान दलों को उनकी जगह पर ही सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि 6 मई को सुबह 5 बजे प्रत्याशी और उनके अभिकर्ताओं की मौजूदगी में ईवीएम के स्ट्रांग रूम खोले जाएंगे। गर्मी के मौसम को ध्यान में रख सामग्री वितरण के दौरान पंखे, बड़े कूलर, हर सेक्टर में जल और अन्य बुनियादी व्यवस्थाएं की गई हैं।

दो चरणों में होगा मतदान सामग्री का वितरण

जिला पंचायत सीईओ एवं मतदान सामग्री वितरण प्रभारी विवेक कुमार ने बताया कि 6 मई को दो चरणों में मतदान सामग्री का वितरण होगा। पहले चरण में ईवीएम सहित सभी प्रकार की मतदान सामग्री वितरित करने के लिए ग्वालियर ग्रामीण, भितरवार व डबरा (अजा) के मतदान दलों को सुबह 5 बजे बुलाया गया है। दूसरे चरण में सुबह 8 बजे विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र ग्वालियर, ग्वालियर पूर्व व ग्वालियर दक्षिण के मतदान दलों को बुलाया गया है।

दलों को मिलेगी वैलकम व मेडीकल किट

सभी मतदान दलों के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय ने नगर निगम के सहयोग से वैलकम किट तैयार कराई जा रही हैं। वैलकम किट में जलजीरा, स्नैक्स व पानी की बोतल रहेगी। इसी तरह मेडीकल किट भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिसमें ओआरएस सहित अन्य जीवन रक्षक दवाएं होंगीं।

389 रूट व 429 वाहन से केन्द्रों तक पहुंचेंगे दल

1680 मतदान केन्द्रों तक मतदान दलों को पहुंचाने के लिए 389 रूट बनाए गए हैं। 429 छोटे-बड़े वाहनों की मदद से मतदान दलों को संबंधित मतदान केन्द्रों तक पहुंचाया जाएगा। इनमें 209 बसें, 204 मिनी बस, 16 जीप/विंगर शामिल हैं। मतदान दलों के लिए की गई वाहन व्यवस्था समेत 650 जीपीएस युक्त वाहन चुनाव कार्य में संलग्न किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *