श्योपुर: मुरैना-श्योपुर लोकसभा में 20 लाख मतदाता करेंगे वोट, तैयारी पूरी

-श्योपुर-विजयपुर विधानसभा में 5.14 लाख वोटर, कल होगा मतदान
-कलेक्टर ने बताया मतदाताओं की सुविधा के इंतजाम पूरे


श्योपुर। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी लोकेश कुमार जांगिड ने बताया कि लोकसभा चुनाव के लिए जिले के 656 मतदान केन्द्रों पर सभी प्रकार की व्यवस्थाएं पूरी हो गई हैं। मतदाताओं के लिए पेयजल, छाया, प्रसाधन, बैठक व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था आदि के इंतजाम भी पर्याप्त रूप से किए गए हैं। गर्मी को ध्यान में रखते हुए मतदान केन्द्रों पर पंखे, कूलर तथा ठंडे पानी के मटके रखवाए गए हैं। कलेक्टर ने बताया कि सभी पोलिंग पार्टियों को मतगणना स्थल पालीटेक्निक कॉलेज से 6 मई को सुबह रूट अनुसार रवाना किया जाएगा। 7 मई को लोकसभा चुनाव के लिए मतदान होगा और निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी प्रक्रियाओं का पालन कराते हुए मतदान कराया जाएगा।

मतदान के लिए बने हैं 722 दल

श्योपुर और विजयपुर विधानसभा के 656 मतदान केन्द्रों के लिए 10 प्रतिशत रिजर्व सहित 722 मतदान दल बनाए गए हैं। 70 सेक्टर अधिकारी बनाए गए हैं। 14 महिला अधिकारियों को महिला प्रबंधन वाले बूथों के लिए प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। मतदान दलो को पहुंचाने के लिए 154 रूट निर्धारित किए गए हैं। लोकसभा चुनाव के लिए 100 मतदान केन्द्रों का प्रबंधन महिला अधिकारी-कर्मचारी संभालेंगे। सुरक्षाकर्मी के रूप में भी महिला पुलिसकर्मी रहेंगी। 50 आदर्श मतदान केन्द्र और 5 दिव्यांग बूथ भी बनाए गए हैं। लगभग 9 हजार अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य सहयोगी मतदान के लिए लगाए गए हैं।

मतदान दलों में 4 हजार अधिकारी-कर्मचारी लगे हैं। सुरक्षा व्यवस्था में लगभग 3 हजार पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य पुलिस बल को लगाया गया है। इसके अलावा 656 बीएलओ, 500 वाहन चालक, 250 सामग्री वितरण करने वाले कर्मचारी, सेक्टर अधिकारी, नोडल अधिकारी, एसएसटी, एफएसटी, वीएसटी, वीएटी, व्यय निर्वाचन, जिला स्तरीय कन्ट्रोलरूम, एमएसीसी तथा विभिन्न प्रकार के दलों में शामिल अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं।

कलेक्टर ने बताया कि श्योपुर जिले में निर्वाचन से संबंधित कोई शिकायत अथवा समस्या हो तो मतदाता, आम नागरिक या अन्य व्यक्ति सी-विजिल एप पर सूचना दे सकते हैं। जिला स्तरीय कन्ट्रोलरूम 24 घंटे कार्यरत रहेगा। कन्ट्रोलरूम का फोन नंबर 07530-221459, 0730-222631 तथा टोल फ्री नंबर 1950 है। विधानसभा स्तरीय कन्ट्रोलरूम भी बनाए गए हैं।

 

इतने हैं मतदाता

मुरैना-श्योपुर संसदीय क्षेत्र से कुल 15 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। मुरैना-श्योपुर संसदीय क्षेत्र में 20 लाख 4 हजार 688 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग 7 मई को करेंगे। इसके लिए संसदीय क्षेत्र की 8 विधानसभा क्षेत्रों में 2362 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। इनमें मुरैना जिले की 6 विधानसभा में 1706 और श्योपुर जिले के 2 विधानसभा क्षेत्रों में 656 मतदान केन्द्र हैं। इन केन्द्रों पर 10 लाख 70 हजार 467 पुरुष और 9 लाख 34 हजार 198 महिला एवं 22 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। मुरैना संसदीय क्षेत्र में इपिक रेशो 60.99 प्रतिशत और जेंडर रेशो 890 है।

 

ये मतदाता श्योपुर-विजयपुर के

-मुरैना- श्योपुर संसदीय क्षेत्र अंतर्गत शामिल श्योपुर जिले की दो विधानसभा क्षेत्रों में 5 लाख 14 हजार 234 वोटर्स हैं।
-2 लाख 67 हजार 674 पुरुष, 2 लाख 46 हजार 557 महिला तथा 3 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
-157 सर्विस वोटर हैं, इनमें 153 पुरुष एवं 4 महिला सर्विस वोटर हैं।

-श्योपुर जिले की दोनों विधानसभा क्षेत्रों में 656 मतदान केन्द्र हैं। इनमें 15 मतदान केन्द्र ऐसे है, जहां 300 से कम मतदाता हैै। 300 से 1100 मतदाताओं की संख्या वाले मतदान केन्द्र 565 हैं। 41 मतदान केन्द्र 1100 से 1200 तक की मतदाता संख्या वाले हैं। 9 मतदान केन्द्रों में मतदाताओं की संख्या 1300 से 1400 के बीच है तथा 1400 से 1500 के बीच वाले मतदान केन्द्र 3 हैं।

श्योपुर विधानसभा
-क्षेत्र में 2 लाख 59 हजार 304 कुल मतदाता हैं, इनमें 1 लाख 33 हजार 933 पुरुष, 1 लाख 25 हजार 370 महिला एवं एक थर्ड जेेंडर मतदाता है। 54 सर्विस वोटर हंै। इनमें 53 पुरुष और 1 महिला मतदाता शामिल हैं।

विजयपुर विधानसभा
-क्षेत्र में 2 लाख 54 हजार 930 कुल मतदाता हैं। इनमें 1 लाख 33 हजार 741 पुरुष, 1 लाख 21 हजार 187 महिला एवं दो थर्ड जेंडर मतदाता हैं। 103 सर्विस वोटर हैं। इनमें 100 पुरुष और 3 महिला मतदाता शामिल हैं।

 

इस तरह रहेगी सुरक्षा व्यवस्था

पुलिस अधीक्षक अभिषेक आनंद ने बताया कि लोकसभा निर्वाचन के लिए सभी मतदान केन्द्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
-सीआरपीएफ की एक कंपनी तथा एसएएफ की दो कंपनियों के जवान मतदान केन्द्रो पर तैनात रहेंगे।
-130 क्रिटिकल मतदान केन्द्रों पर सीआरपीएफ का 1-4 का गार्ड तैनात रहेगा।
-राजस्थान से मिले 500 होमगार्ड जवान सहित उमरिया से आए 50 होमगार्ड को तैनात किया जाएगा।
-जीआरपी के 165 जवान भी तैनात रहेंगे।
-जिला पुलिस बल के 700 एवं 750 के लगभग विशेष पुलिस अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा संभालेंगे।

 

75 फीसदी मतदान केन्द्रों पर रहेगी कैमरे की नजर

श्योपुर एवं विजयपुर विधानसभा क्षेत्र के 75 फीसदी मतदान केन्द्रों को कैमरों से कवर किया गया है। हर गतिविधि कैमरों की नजर में रहेगी।
-मतदान केन्द्र में मतदान बूथ को छोडकर अन्दर-बाहर का परिसर कैमरो की निगरानी में रहेगा।
-492 मतदान केन्द्रों पर वेब कैमरे तथा सीसी टीवी कैमरे लगाए गए हैं।
-वेब कैमरों के माध्यम से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में लाइव टेलीकास्टिंग देखा जाएगा।
-मतदान केन्द्र के बाहर 100 मीटर तक की परिधि को कैमरों से कवर किया जाएगा।
-बार्डर क्षेत्र के 75 मतदान केन्द्र, 1000 से अधिक मतदाता संख्या वाले मतदान केन्द्र सहित अन्य चिन्हित मतदान केन्द्रों को कैमरों से कवर किया गया है।

 

जीपीएस सिस्टम से रहेगी वाहनो की निगरानी

विधानसभा श्योपुर और विजयपुर में चुनाव कराने के लिए कुल 533 वाहन लगाए गए हैं।
-सभी वाहन जीपीएस सिस्टम के माध्यम से ऑनलाइन निगरानी में रहेंगे।
-परिवहन व्यवस्था के लिए 43 मिनी बस, 156 बड़ी बस, 260 जीप, 22 ट्रक, 40 ट्रेक्टर, 12 टाटा मैजिक वाहन हायर किए गए हैं।
-श्योपुर क्षेत्र में नियुक्त 33 तथा विजयपुर क्षेत्र में नियुक्त 37 सेक्टर अधिकारियों के वाहनो में जीपीएस सिस्टम लगाए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *