सिनर व सबालेंका बने चैंपियन,
दोनों ने पहली बार जीता यू.एस. ओपन का खिताब
सभी वर्गों में बने नए विजेता
रविवार 8 सितम्बर 2024 को न्यूयॉर्क के फ्लशिंग मीडोज में वर्ष के आखिरीे ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के पुरूष एकल फाइनल में पहली वरीयता प्राप्त इतालवी खिलाड़ी यानिक सिनर ने एक संघर्षपूर्ण मुकाबले में स्थानीय सितारे टेलर फ्रिट्ज़ को सीधे सेटों में 6-3, 6-4, 7-5 से हरा कर अपना पहला यू.एस. ओपन और केरियर का दूसरा ग्रैंड स्लैम खिताब जीता। इस जीत के साथ, वे इस खिताब को जीतने वाले पहले इतालवी खिलाड़ी भी बन गए हैं, उन्होंने साल की शुरूआत में ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब भी जीता था। गत विजेता जोकोविच तीसरे दौर में हार कर बाहर हो गए थे।

अपना पहला ग्रैंड स्लैम फाइलन खेल रहे 12वीं सीड फ्रिट्ज़ के पास अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने का अवसर था, किंतु उनके पास इतालवी खिलाड़ी के अचूक बेसलाइन खेल का कोई जवाब नहीं था। सिनर पूरी लय में थे और उन्होंने पहला सेट 6-3 से आसानी से अपने नाम कर लिया, फिर दूसरे सेट में अमरीकी खिलाड़ी ने दर्शकों के उत्साह व समर्थन से वापसी का प्रयास किया परंतु सेअ पॉइंट पर गलती करते हुए सर्विस व सेट दोनों गंवा दिए। तीसरे सेट में फ्रिट्ज़ ने पहले गेम में ही सिनर की सर्विस पर 40-0 की बढ़त बनायी पर गेम जीतने में असफल रहे, परंतु जल्दी उन्होंने सिनर की सव्रिस ब्रेक कर बढ़त बना ली थी समर्थकों की उम्मीदें बढ़ गयी लेकिन सिनर ने लगातार बेहतरीन खेल दिखाते हुए 10वें गेम में अमरीकी खिलाड़ी की सर्विस ब्रेक कर बराबरी कर ली, और फिर 12वें गेम में छठी बार फ्रिट्ज की सर्विस तोड़ते हुए मैच व खिताब अपने नाम कर लिया। सिनर ने पूरे टूर्नामेंट में केवल दो सेट गंवाए तथा ओपन युग में, एक ही साल में ऑस्ट्रेलियन ओपन और यू.एस. ओपन दोनों खिताब जीतने वाले चौथे खिलाड़ी बने।

महिला वर्ग में दूसरी वरीयता प्राप्त बेलारूस की अरयाना सबालेंका ने अमरीका की जेसिका पेगुला को एक बेहद संघर्षपूर्ण मुकाबले में सीधे सेटों में 7-5, 7-5 पराजित कर अपना तीसरा ग्रैंड स्लैम खिताब जीता। पहले सेट में सबालेंका ने 5-2 की बढ़त बना ली थी, फिर पेगुला ने अपने खेल के स्तर को उपर उठाते हुए न सिर्फ 5-5 की बराबरी की, बल्कि एक समय सेट में 6-5 बढ़त से महज एक पॉइंट दूर थीं। सबालेंका ने फिर अपनी पूरी ताकत लगाते हुए गेम जीत कर, अगले गेम में पेगुला की सर्विस ब्रेक कर सेट अपने पाम कर लिया। दूसरे सेट में मुकाबला कड़ा था, सबालेंका ने पहले 3 गेम जीत कर 3-0 की बढ़त बनाई परंतु अमरीकी खिलाड़ी ने लगातार अगलू 5 गेम जीत कर, मैच के तीसरे सेट में जाने की संभावनायें जगाई, लेकिन बेलारूसी खिलाड़ी ने अगले 4 गेम जीत कर खिताब पर कब्जा कर लिया। पूरे मैच में पेगुला ने अपने जबरदस्त व सटीक रिटर्न्स से सबालेंका को ज्यादा अवसर नहीं दिए फिर भी सबालेंका ने आर्थर एश स्टेडियम में दर्शकों के अमरीकी खिलाड़ी के जोरदार समर्थन व विरोधी के जबरदस्त खेल का डट कर मुकाबला किया और अंत में अपनी पहली यू.एस. ओपन ट्रॉफी जीत कर, इस साल अपना दूसरा ग्रैंड स्लैम जीता। उन्होंने साल की शुरूआत में ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब भी जीता था। पूरे टूर्नामेंट में केवल एक सेट गवांया, और एक ही साल में ऑस्ट्रेलियन ओपन और यू.एस. ओपन दोनों खिताब जीतने वाली 5वीं खिलाड़ी बनीं। वे अपने देश बेलारूस से इस प्रतियोगिता को जीतने वाली पहली खिलाड़ी भी बनीं। गत विजेता कोको गॉफ चौथे दौर में हार कर बाहर हो गयीं थी।
महिला युगल में 7वीं सीड यूक्रेन की लुडमायला किशेनामक एवं लाटविया की जेलेना ऑस्टापेंको की जोड़ी ने फ्रांस की क्रिस्टीना म्लाडेनोविच और चीन झांग शुआई की अनसीडेड जोड़ी को 6-4, 6-3 से सीधे सेटों में परास्त कर ग्रैंड स्लैम खिताबों में अपना खाता खोला। यह दोनों का पहला महिला युगल मेजर खिताब था।

पुरूष युगल के खिताबी मुकाबले में मैक्स पुरसैल और जॉर्डन थॉम्पसन की 7वीं सीड ऑस्टेªलियाई जोड़ी ने केविन क्रॉविट्ज़ तथा टिम पुट्ज की जर्मन जोड़ी को सीधे सेटों 6-4, 7-6(4) से हरा कर खिताब जीता। यह थॉम्पसन का पहला और पुरसैल का दूसरा ग्रैंड स्लैम खिताब था। तीन बार के विजेता राजीव राम व जो सेलिाबरी की ब्रिटिश-अमरीकी जोड़ी का सफर तीसरे दौर तक ही चला।
मिश्रित युगल में सारा एरानी और एंड्रिया वावासोरी की तीसरी सीड इतालवी जोड़ी ने टेलर टाउनसेंड और डोनाल्ड यंग की अमरीकी जोड़ी को फाइनल में 7-6, (7-0), 7-5 से हराकर 2024 यूएस ओपन का मिक्स्ड डबल्स टेनिस खिताब जीता। यह दोनों खिलाड़ियों के लिए पहला मिक्स्ड डबल्स ग्रैंड स्लैम खिताब था। एरानी और वावासोरी यू.एस. ओपन में मिक्स्ड डबल्स खिताब जीतने वाली पहली ऑल-इटैलियन जोड़ी भी बन गए, जहां वावासोरी इस खिताब को जीतने वाले पहले इटैलियन पुरुष बने, और एरानी 1986 में राफाएला रेगी के बाद मिक्स्ड डबल्स खिताब जीतने वाली पहली इटैलियन महिला बनीं। इस टूर्नामेंट ने यंग की यह अंतिम पेशेवर उपस्थिति थी, उन्होंने इस इवेंट से पहले अपने टेनिस से संन्यास की घोषणा की थी। अन्ना डानिलिना और हैरी हेलियोवारा गत विजेता थे, लेकिन वे क्वार्टरफाइनल में टाउनसेंड और यंग से हार गए।
भारत के रोहन बोपन्ना पुरुष युगल में तीसरे दौर तक तथा मिश्रित युगल में सेमीफाइनल तक पहुँचे।
लेखक परिचय
नाम: डॉ. शालीन शर्मा

संप्रति: खेल पत्रकारिता के साथ करियर की शुरुआत करने के बाद शासकीय सेवा में गए। वर्तमान में सहायक संचालक के पद पर पदस्थ हैं। इसके साथ ही शौकिया तौर पर द ग्रिप न्यूज के लिए खेलों से संबंधित आलेख लिख रहे हैं।

